रायपुर: 17 अगस्त : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने सरगुजा संभाग की महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी सौगात दी है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर राज्य शासन ने सरगुजा में ‘नवीन क्षेत्रीय महिला प्रशिक्षण संस्थान’ की स्थापना को हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही संस्थान के संचालन के लिए 12 नए पदों के सेटअप को भी प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है।

दूर होगी रायपुर-बिलासपुर जाने की मजबूरी अब तक सरगुजा संभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभागीय कर्मचारियों को किसी भी प्रकार के प्रशिक्षण के लिए रायपुर या बिलासपुर जाना पड़ता था। इससे उनके समय और पैसे की काफी खपत होती थी। स्थानीय स्तर पर ही यह संस्थान खुलने से अब कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र से दूर नहीं जाना पड़ेगा।
12 पदों का नया सेटअप मंजूर संस्थान के सुचारू संचालन के लिए स्वीकृत पदों में उप संचालक, सहायक संचालक (संकाय सदस्य), सहायक लेखाधिकारी और डाटा एंट्री ऑपरेटर जैसे कुल 12 पद शामिल हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ‘सुशासन’ नीति का हवाला देते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और दूरस्थ क्षेत्रों तक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। इस कदम से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता में बढ़ोतरी होगी।








