Home » कोरबा » कोरबा: भीमसेनिया जंगल के पास भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर

कोरबा: भीमसेनिया जंगल के पास भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर

Share:

हादसे के बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की तलाश

कोरबा 2 जून । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भीमसेनिया जंगल के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया है।

Advt

काम से घर लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बसीबार निवासी लोंगदास (45 वर्ष) और रामलाल चौहान (40 वर्ष) सोमवार शाम को अपना काम खत्म करके मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 12 N 4608) से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भीमसेनिया जंगल के पास मुख्य सड़क पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर (क्रमांक CG 10 R 1810) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही थमी सांसें

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे लोंगदास के सिर पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथी रामलाल चौहान को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पाली ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद लोंगदास को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामलाल की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया है।

खेती-किसानी कर चलाता था परिवार का खर्च

मृतक के भाई लगनदास ने बताया कि उन्हें शाम करीब 6 बजे फोन के माध्यम से इस दुर्घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लोंगदास पेशे से किसान थे और खेती-किसानी के जरिए ही अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज

पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और उसके नंबर के आधार पर फरार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Comment