रायपुर, 27 मई 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा SARTHAK-PDS फेज-2 के लिए 25,530 करोड़ रुपये की मंजूरी का पुरजोर स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने इसे देश में गरीब कल्याण, खाद्य सुरक्षा और सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय करार दिया है।
Advt

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह निर्णय सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को पूरी तरह तकनीक आधारित, अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
हाईटेक होगी राशन वितरण प्रणाली: AI और ब्लॉकचेन का होगा उपयोग
मुख्यमंत्री ने योजना की खूबियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘डबल इंजन सरकार’ गरीबों तक योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। SARTHAK-PDS फेज-2 के तहत राशन वितरण प्रणाली को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें शामिल हैं:
-
एआई-इनेबल्ड (AI-Enabled) लाभार्थी रजिस्ट्री
-
जीपीएस (GPS) ट्रैकिंग और क्यूआर कोड टैगिंग
-
रियल-टाइम मॉनिटरिंग
-
मशीन लर्निंग और ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी
-
आधुनिक सप्लाई चेन प्रबंधन
इन तकनीकी नवाचारों से राशन की कालाबाजारी पर रोक लगेगी और अंतिम व्यक्ति तक सस्ते अनाज और खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचेगा।
राशन दुकान डीलरों का बढ़ेगा पारिश्रमिक, राज्यों को मिलेगी आर्थिक मदद
श्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार का यह फैसला केवल तकनीकी अपग्रेडेशन तक सीमित नहीं है। इसमें राज्यों को राशन परिवहन, हैंडलिंग और उचित मूल्य दुकानों (Fair Price Shops) के संचालन में आने वाली बढ़ती लागत के लिए आर्थिक सहयोग देने का भी प्रावधान है। इसके अलावा, राशन दुकानों के डीलरों के पारिश्रमिक (कमीशन) में वृद्धि की जाएगी, जिससे जमीनी स्तर पर यह व्यवस्था और अधिक प्रभावी तथा मजबूत बनेगी।
31 मार्च 2031 तक करोड़ों हितग्राहियों को मिलेगा सुरक्षा कवच
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 31 मार्च 2031 तक संचालित होने वाली यह योजना राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत आने वाले देश के करोड़ों लाभार्थियों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय गरीबों के जीवन में भरोसा, सुविधा और सुशासन को और मजबूत करने वाला है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस जन-कल्याणकारी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया है।








