Home » छत्तीसगढ़ » रफ्तार पकड़ेगा रायपुर: अटल पथ और वीआईपी रोड सहित 4 व्यस्त इलाकों में शुरू होगा फ्लाईओवर का निर्माण

रफ्तार पकड़ेगा रायपुर: अटल पथ और वीआईपी रोड सहित 4 व्यस्त इलाकों में शुरू होगा फ्लाईओवर का निर्माण

Share:

रायपुर, 5 अप्रैल 2026

राजधानी रायपुर की सड़कों पर अब सफर अधिक सुगम और तेज होने जा रहा है। शहर के व्यस्ततम रास्तों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बड़ी पहल की है।

Advt.

उनके निर्देश पर विभाग ने शहर में चार नए फ्लाईओवर्स और ओवरपास के निर्माण के लिए 360 करोड़ 35 लाख 93 हजार रुपए की भारी-भरकम राशि मंजूर कर दी है। इन परियोजनाओं का काम इसी साल शुरू होगा, जिससे रायपुर का यातायात ढांचा पूरी तरह बदल जाएगा।

प्रमुख प्रोजेक्ट्स और बजट का विवरण:

  • जी.ई. रोड पर बड़ी राहत: गुरु तेज बहादुर उद्यान से तेलीबांधा के नेताजी सुभाष चौक तक बनने वाले फ्लाईओवर के लिए सबसे बड़ी राशि 172.86 करोड़ रुपए स्वीकृत की गई है। इससे शहर के मुख्य व्यापारिक मार्ग पर दबाव कम होगा।

  • अटल पथ एक्सप्रेस-वे: फुंडहर चौक के पास 87.53 करोड़ रुपए की लागत से ‘ग्रेड सेपरेटर’ बनाया जाएगा, जिससे एक्सप्रेस-वे की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

  • वी.आई.पी. रोड: एयरपोर्ट की ओर जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग के फुंडहर चौक पर 56.07 करोड़ रुपए की लागत से ओवरपास का निर्माण होगा।

  • रिंग रोड क्रमांक-2: सोनडोंगरी चौक पर यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए 43.89 करोड़ रुपए के ओवरपास को मंजूरी दी गई है।

  • Advt.

सरकार की प्राथमिकता: सुरक्षित और सुगम सफर लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए फ्लाईओवर्स का जाल बिछाना और सड़कों का चौड़ीकरण करना समय की मांग है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार रायपुर में यातायात को तेज, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। इन निर्माण कार्यों से ट्रैफिक-जॉम में बड़ी कमी आएगी और रायपुरवासियों के साथ-साथ शहर में आने वाले हर व्यक्ति का समय बचेगा।”

इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से रायपुर एक आधुनिक और निर्बाध यातायात वाली राजधानी के रूप में अपनी पहचान मजबूत करेगा।


।।।

Leave a Comment