कोरबा 9 मार्च 2026। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक, अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर सोमवार दोपहर एक भीषण हादसा होते-होते टल गया। दोपहर करीब 3 बजे एक चलती स्कॉर्पियो वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी लपटों के बीच घिर गई। इस घटना से पुल पर मौजूद राहगीरों के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया।

समय रहते सुरक्षित निकले सवार प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही स्कॉर्पियो से धुआं निकलना शुरू हुआ, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को रोका। आग फैलने से पहले ही गाड़ी में सवार लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस और दमकल विभाग की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने तत्काल यातायात रुकवाया और भीड़ को घटनास्थल से दूर किया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
जांच जारी इस अग्निकांड के कारण ओवरब्रिज पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट का मामला माना जा रहा है।
।।।








