नागौर (डेगाना)। कलयुग में सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि परिंदे भी ‘अपग्रेड’ हो गए हैं। डेगाना के सराफा बाजार में शुक्रवार को एक कबूतर ने यह साबित कर दिया कि चोरी करने के लिए शातिर दिमाग और सीसीटीवी से बचने के लिए मास्क की नहीं, बस नीली छतरी वाले के आशीर्वाद और मजबूत चोंच की जरूरत होती है।
शानदार ‘प्लानिंग’ और सटीक ‘एग्जीक्यूशन’
सराफा बाजार की एक दुकान में जब कारीगर पसीने बहाकर सोना चमका रहे थे, तभी हमारे ‘गुटरगूं’ पहलवान ने दुकान में एंट्री मारी। उसने न तो गहनों के डिजाइन पूछे और न ही मेकिंग चार्ज पर बहस की। कबूतर ने सीधे टेबल पर रखी 1 लाख की सोने की चेन को ‘पसंद’ किया, उसे चोंच में दबाया और बिना बिल दिए ‘टेक-ऑफ’ कर लिया।
व्यापारी का बढ़ा ‘ब्लड प्रेशर’, कबूतर ने दिखाया ‘एटीट्यूड’
दुकानदार बेचारे जो अब तक चोरों से बचने के लिए शटर और तिजोरी पर भरोसा करते थे, आसमान की ओर मुँह बाए खड़े रह गए। कबूतर भी कोई कच्चा खिलाड़ी नहीं था; वह चेन लेकर सीधे सामने वाली छत पर जा बैठा। नीचे दुकानदारों की सांसें वैसे ही अटक रही थीं जैसे कबूतर की चोंच में वो चेन। बाजार में चर्चा शुरू हो गई कि कहीं यह कबूतर किसी दूसरे गैंग का ‘जासूस’ तो नहीं!
छत पर सुलह की कोशिश और ‘हैप्पी एंडिंग’
काफी देर तक इंसानों और पक्षी के बीच ‘कोल्ड वॉर’ चला। लोग नीचे से डराने-धमकाने लगे, मानों कह रहे हों— “भाई, ये सोना तेरे किस काम का? दाना-पानी तो हम फ्री में वैसे ही देते हैं।” आखिरकार, कबूतर को शायद समझ आ गया कि सोने की चेन से घोंसला नहीं बनता, और उसने चेन को ‘ड्रॉप’ कर दिया।
व्यापारियों ने चेन ऐसे झपटी जैसे कोई ओलंपिक मेडल मिला हो। चलिए, कम से कम इस घटना ने यह तो सिखा दिया कि अब दुकानदारों को तिजोरी के साथ-साथ ‘पिंजरे’ और ‘गुलेल’ का भी बीमा करवा लेना चाहिए। सोशल मीडिया में इसका वीडियो भी वायरल हुआ और लोगों अपनी मज़ेदार प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
सोशल मीडिया की चटपटी प्रतिक्रियाएं
-
रिटायरमेंट प्लान: कई यूजर्स ने लिखा कि कबूतर को शायद दाना चुगने से बोरियत हो गई थी, इसलिए उसने सीधे एक लाख रुपये का ‘एग्जिट पोल’ निकाल लिया।
-
गले में हार: कुछ वायरल वीडियो और फोटो के नीचे कमेंट्स हैं कि “कबूतर ने चेन सिर्फ चुराई नहीं, बल्कि गले में पहनकर पूरे इलाके में टशन दिखाया।”
-
किस्मत का खेल: लोग दुकानदार की किस्मत पर भी मजे ले रहे हैं कि “चोरों से तो बच गए, लेकिन परिंदे से हार गए।”
-
बॉलीवुड प्रेमी: फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ का गाना बदल गया है— कबूतर जा जा जा, पहले प्यार की पहली चेन सुनार को दे आ!”
- निवेश सलाहकार : “कबूतर को भी पता है कि शेयर मार्केट रिस्की है, इसलिए उसने ‘गोल्ड’ में निवेश करना ज्यादा सुरक्षित समझा।”
- सिंगल यूजर्स : “भाई! हम यहाँ वैलेंटाइन डे के लिए सेविंग कर रहे हैं और यहाँ कबूतर 1 लाख की चेन लेकर अपनी ‘कबूतर’ को इम्प्रेस करने जा रहा है।”
-
व्यंग्य के तीर
-
नया डर: अब सीसीटीवी कैमरों के साथ ‘कबूतर रोधी’ जाल की भी होगी मांग।▪️सीख: अगली बार दुकान में कबूतर आए, तो उसे दाना नहीं, पुलिस का डर दिखाएं।▪️डिमांड: क्या अब ज्वेलरी दुकानों पर ‘नो फ्लाइंग ज़ोन’ घोषित होगा?
-








