Home » राजनीति » कांग्रेस की नई नियुक्तियों में बड़ी चूक: स्वर्गवासी नेता को बना दिया मंडल अध्यक्ष, भाजपा ने कसा तंज

कांग्रेस की नई नियुक्तियों में बड़ी चूक: स्वर्गवासी नेता को बना दिया मंडल अध्यक्ष, भाजपा ने कसा तंज

Share:

मंत्री जायसवाल बोले– “नकल के लिए भी अकल चाहिए”

रायपुर/गरियाबंद: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) द्वारा हाल ही में जारी की गई मंडल अध्यक्षों की सूची विवादों के घेरे में आ गई है। संगठन की एक बड़ी प्रशासनिक लापरवाही के चलते गरियाबंद जिले के इंदागांव मंडल में रूपेंद्र सोम को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि उनका निधन 22 अगस्त 2025 को ही हो चुका है। इस घटना के बाद से प्रदेश की सियासत गरमा गई है और कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

मंत्री जायसवाल बोले– “नकल के लिए भी अकल चाहिए”

इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर जोरदार तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल खानापूर्ति के लिए नियुक्तियां की हैं। जायसवाल ने चुटकी लेते हुए कहा, “कांग्रेस को नकल करने के लिए भी अकल की जरूरत थी। इन्होंने मृत व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंप दी। अब कांग्रेस को आंतरिक जांच करानी चाहिए कि पार्टी में कौन जीवित बचा है और कौन नहीं।”

कांग्रेस की सफाई: “6 महीने पुरानी थी सूची”

विवाद बढ़ता देख कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेदू ने संगठन का पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडल अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पिछले छह महीनों से चल रही थी और सूची काफी पहले ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) को भेज दी गई थी। इसी अंतराल में संबंधित पदाधिकारी का निधन हुआ, जिसकी जानकारी अपडेट न हो पाने के कारण यह मानवीय भूल हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही उस स्थान पर नई नियुक्ति की जाएगी।

संगठनात्मक साख पर सवाल

भले ही कांग्रेस इसे प्रक्रियात्मक देरी बता रही है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे संगठन के भीतर जमीनी स्तर पर फीडबैक की कमी मान रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस चूक को लेकर कांग्रेस की काफी किरकिरी हो रही है।

Leave a Comment