कोरबा, छत्तीसगढ़ 09 जनवरी। छत्तीसगढ़ सहित पूरे कोरबा जिले में इन दिनों भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। हाड़ कंपा देने वाली इस सर्दी ने जहाँ जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, वहीं सुबह की पहली किरण से पहले ही घर-घर दुनिया की खबरें पहुँचाने वाले ‘अखबार वितरक’ अपने कर्तव्य पथ पर डटे हुए हैं। इन कर्मयोगियों के जज्बे को सलाम करते हुए जिला रेडक्रास सोसायटी ने एक सराहनीय मानवीय पहल की है।

सुबह 4 बजे से शुरू होती है इनकी चुनौती
टीपी नगर स्थित अखबार वितरक संघ के प्रधान कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा अखबार वितरकों को गर्म जैकेट प्रदान किए गए। इस अवसर पर रेडक्रास के जिला अध्यक्ष एवं समाजसेवी रामसिंह अग्रवाल ने कहा, “जब कड़कड़ाती ठंड में लोगों का घर से निकलना दूभर होता है, तब ये वितरक सुबह 4 बजे उठकर अपनी सेवा शुरू कर देते हैं। इनका कार्य किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।”
दिग्गजों ने बढ़ाया वितरकों का उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रामसिंह अग्रवाल के साथ राज्य शाखा के जिला प्रतिनिधि एवं चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन (पप्पु), वाइस चेयरमैन राजेन्द्र तिवारी, राहुल मोदी, अनिल अग्रवाल, मोहम्मद शफी और जफर अली ने अपने हाथों से वितरकों को जैकेट पहनाए। अतिथियों ने भविष्य में भी अखबार वितरक संघ को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया।
संघ ने जताया आभार
अखबार वितरक संघ के जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू ने रेडक्रास सोसायटी की इस संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया। प्रदेश अध्यक्ष पदमसिंह चंदेल ने भी प्रवास पर होने के बावजूद फोन के माध्यम से सभी अतिथियों का अभिवादन किया।
उपस्थिति: इस कार्यक्रम में जिला सचिव जयसिंह नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर सहित रायसिंह, रामा, तपेश्वर राठौर, अनिल गिरी, राजकुमार पटेल, कृष्णा निर्मलकर, दिलबाग, हर्ष नेताम, दिलीप यादव, ओंकार, दीपक, राहुल, यश, विजय, सोनू दास मानिकपुरी, बजरंगी यादव, रंजन, सुधीश, विलशन और अज्जू जैसे अनेक सदस्य उपस्थित रहे।








