इंदौर | खुशियों के ठहाके अभी शांत भी नहीं हुए थे कि काल ने अपनी दस्तक दे दी। इंदौर के रालामंडल बायपास पर शुक्रवार तड़के एक रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे ने दो प्रतिष्ठित परिवारों के चिराग बुझा दिए। महू में जन्मदिन का जश्न मनाकर लौट रहे दोस्तों की तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी भयावह थी कि कार में सवार पूर्व गृहमंत्री व विधायक बाला बच्चन की पुत्री प्रेरणा बच्चन (25) और कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के पुत्र प्रखर कासलीवाल सहित तीन युवाओं की मौके पर ही सांसें थम गईं।
कटर से काटकर निकाले गए शव
हादसा तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। रफ्तार का कहर ऐसा था कि लोहे की चादरों वाली कार पिचक कर लोहे का गोला बन गई।

मौके पर पहुँची पुलिस और रेस्क्यू टीम को कार के हिस्सों को कटर से काटना पड़ा, तब जाकर शवों को बाहर निकाला जा सका। हादसे में प्रखर और प्रेरणा के मित्र मनसिंधु की भी मृत्यु हो गई है।
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही दोस्त
कार में सवार चौथी सदस्य अनुष्का राठी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उन्हें तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर
हादसे की खबर मिलते ही एमवाई अस्पताल में नेताओं और शुभचिंतकों का तांता लग गया। बेटी को खोने के गम में पूर्व मंत्री बाला बच्चन और पुत्र के वियोग में आनंद कासलीवाल को ढांढस बंधाने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और नेता पहुँचे। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जो हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया।








