Home » देश » चुनाव आयोग का राहुल गांधी को जवाब: वोट चोरी के आरोपों पर स्थिति स्पष्ट की

चुनाव आयोग का राहुल गांधी को जवाब: वोट चोरी के आरोपों पर स्थिति स्पष्ट की

Share:

 

Election Commission Vs Rahul Gandhi▪️ : चुनाव आयोग ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष के वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों का जवाब दिया है। आयोग ने कहा कि वोट चोरी जैसे गंदे शब्दों का इस्तेमाल कर झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश करना करोड़ों भारतीय मतदाताओं पर सीधा हमला है और लाखों चुनाव कर्मियों की ईमानदारी पर भी चोट है।

आयोग की स्थिति

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि एक व्यक्ति, एक वोट का कानून भारत के पहले आम चुनाव 1951-1952 से ही लागू है। आयोग ने कहा कि यदि किसी के पास इस बात का प्रमाण है कि किसी व्यक्ति ने किसी चुनाव में वास्तव में दो बार मतदान किया है, तो उसे बिना किसी सबूत के देश के सभी मतदाताओं को ‘चोर’ कहने के बजाय, एक शपथ-पत्र के साथ निर्वाचन आयोग को यह प्रमाण सौंपना चाहिए।

आयोग की अपील
चुनाव आयोग ने राहुल गांधी से अपील की है कि वे वोट चोरी जैसे गंदे शब्दों का इस्तेमाल करने से बचें और यदि उनके पास कोई प्रमाण है तो उसे शपथ-पत्र के साथ आयोग को सौंपें। आयोग ने कहा कि इससे स्थिति स्पष्ट होगी और आगे की कार्रवाई की जा सकेगी ।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आरोप

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने पिछले सप्ताह आंकड़ों का हवाला देते हुए आरोप लगाया था कि 2024 के चुनावों में बेंगलुरु मध्य लोकसभा के महादेव पुरा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से अधिक वोट ‘चोरी’ हुए, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस उम्मीदवार की हार हुई।

‘वोटर अधिकार यात्रा’ के जरिए ‘वोट चोरी’ के खिलाफ सीधी लड़ाई शुरू करेंगे : राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरूवार को कहा कि 17 अगस्त को वह अपनी ‘‘वोटर अधिकार यात्रा’’ के जरिये कथित ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ बिहार की धरती से सीधी लड़ाई शुरू करेंगे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि यह केवल एक चुनावी मुद्दा नहीं बल्कि लोकतंत्र, संविधान और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत की रक्षा का निर्णायक संग्राम है।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “17 अगस्त से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के साथ हम बिहार की धरती से वोट चोरी के खिलाफ सीधी लड़ाई छेड़ रहे हैं। यह सिर्फ एक चुनावी मुद्दा नहीं – यह लोकतंत्र, संविधान और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत की रक्षा का निर्णायक संग्राम है।”

उन्होंने कहा, “हम पूरे देश में साफ-सुथरी मतदाता सूची बनवाकर ही रहेंगे। युवा, मजदूर, किसान – हर नागरिक, उठो और इस जनांदोलन से जुड़ो।”

राहुल गांधी ने कहा, “अब की बार, वोट चोरों की हार – जनता की जीत, संविधान की जीत।”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और विपक्षी गठबंधन

‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के कई अन्य घटक दलों के नेता मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ 17 अगस्त से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शुरू करेंगे।

सासाराम से इस यात्रा की शुरुआत होगी और इसका समापन एक सितंबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ‘वोटर अधिकार रैली’ के साथ होगा। इस जनसभा में ‘इंडिया’ गठबंधन के राष्ट्रीय स्तर के नेता शामिल हो सकते हैं।

Leave a Comment