भारतीय खेल जगत में रिश्तों के टूटने की खबरें लगातार सामने आती रही हैं। सायना नेहवाल और परूपल्ली कश्यप के बाद अंतरास्ट्रीय महिला पहलवान दिव्या काकरान अपने पति सचिन प्रताप सिंह से तलाक की बात सार्वजनिक की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश शेयर कर अपने मन की बात कही है।
महिला पहलवान दिव्या काकरान ने हाल ही में अपने पति सचिन प्रताप सिंह से तलाक लेने का फैसला किया है, जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे कठिन और भावनात्मक अध्याय बताया। दिव्या काकरान एक अंतरराष्ट्रीय पहलवान हैं और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि इस फैसले में बहुत दर्द, चिंतन और त्याग शामिल था, लेकिन वह धीरे-धीरे इससे उबर रही हैं और नए रास्तों पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हैं।
दिव्या काकरान की उपलब्धियां:
– अर्जुन पुरस्कार: दिव्या काकरान को 2023 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
– एशियन गेम्स: उन्होंने 2018 एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था।
– कॉमनवेल्थ गेम्स: 2022 में बर्मिंघम में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भी उन्होंने कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया।
– नायब तहसीलदार: दिव्या काकरान वर्तमान में नोएडा में तैनात नायब तहसीलदार हैं ।
दिव्या काकरान की तलाक की खबर ने खेल जगत में सनसनी फैला दी है, खासकर साइना नेहवाल और परुपल्ली कश्यप के अलगाव की खबरों के बाद। दिव्या ने अपने पोस्ट में अपने माता-पिता और परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने उनके हर फैसले में उनका साथ दिया ।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब कोई स्पोर्ट्स पर्सन अपने पार्टनर से अलग हुआ हो। यहां कुछ भारतीय खिलाड़ियों की सूची दी गई है जो अंततः अपने पार्टनर्स के साथ सुखी विवाहित जीवन जीने में विफल रहे…
1 शिखर धवन
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और उनकी पूर्व पत्नी आयशा मुखर्जी का अक्तूबर 2023 में तलाक हो गया था। धवन ने 2012 में ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली आयशा से शादी की थी और उनका एक बेटा जोरावर है।
2 हार्दिक पांड्या
भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का साल 2024 में मॉडल नताशा स्टैनकोविच से तलाक हुआ था। इस जोड़े ने सोशल मीडिया पर फैसले को सार्वजनिक किया। दोनों का एक बेटा अगस्त्य भी है। हालांकि, दोनों की राहें अलग हो चुकी हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि हार्दिक ने कुल मिलाकर तीन बार नताशा से शादी की। एक बार कोर्ट मैरिज के बाद, इस कपल ने पहले हिंदू रीति रिवाज और फिर क्रिश्चियन रिवाज से शादी की थी।
3 मोहम्मद शमी
भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां ने भी काफी ध्यान खींचा। हसीन ने शमी पर घरेलू हिंसा और धोखा देने का आरोप लगाया था। इसके बाद 2018 में यह कपल अलग हो गया। दोनों के बीच अब तक तलाक नहीं हो सका और मामला कोर्ट में है।
4 युजवेंद्र चहल
भारत के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने साल 2020 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और डांसर धनश्री वर्मा से शादी की। हालांकि, मार्च 2025 में इस जोड़े ने तलाक ले लिया।
5 सानिया मिर्जा
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब मलिक से साल 2010 में शादी की थी। इस जोड़े ने साल 2024 में अलग होने की घोषणा की। हालांकि, सानिया और शोएब पिछले कई महीनों से अलग-अलग रह रहे थे। अलग होने की खबर सार्वजनिक होने के कुछ ही दिनों बाद मलिक ने पाकिस्तानी अभिनेत्री सना जावेद से शादी कर ली, जबकि सानिया ने सिंगल रहने का फैसला किया।








