कोरबा 4जुलाई2025: जिले में शांति और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। इस बैठक में सभी अधिकारियों को सजगता, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान
कलेक्टर श्री वसंत ने संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने और ऐसे स्थानों पर लोक शांति भंग करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम, एसडीओपी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग को सघन करें और अपने अधीनस्थ अमले को पूरी तरह से सक्रिय रखें।
सतर्कता और सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने कानून व्यवस्था को बनाए रखने हेतु सभी अधिकारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने असामाजिक तत्वों और अवांछित गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आपसी समन्वय और संयुक्त रणनीति
बैठक में आपसी समन्वय, सूचना आदान-प्रदान और संयुक्त रणनीति के तहत कार्य करने पर बल दिया गया, ताकि जिले में शांति और कानून व्यवस्था प्रभावी रूप से बनी रहे। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरभेले, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर श्री मनोज बंजारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








