राजनांदगांव 24/11/2026। परिचय और भरोसे का फायदा उठाकर घर से करीब 2 लाख 20 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 21 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती ने अपनी छोटी बहन और उसकी सहेली को स्कूटी देकर बाहर भेज दिया था और पीछे से अलमारी में रखे आभूषण पार कर लिए थे। पुलिस ने चोरी किए गए जेवरात बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर दुर्ग महिला जेल भेज दिया है।

18 अक्टूबर को हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार, लखोली बैगापारा निवासी एक महिला ने 6 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 18 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे उनके घर की अलमारी से पुरानी चांदी की पायल, राजाबाड़ा पायल, सोने का लॉकेट और सोने के तीन जोड़ी टॉप्स सहित अन्य जेवरात चोरी हो गए थे। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 681/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
बहन और सहेली को भेजा बाहर, फिर किया हाथ साफ
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की पड़ताल की। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय पूछताछ और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को शंकरपुर शिवानंद चौक (ओपी चिखली) निवासी 21 वर्षीय श्रेया रानी भीमगंज पर संदेह हुआ।
जांच में सामने आया कि आरोपी युवती अपनी छोटी बहन की सहेली के घर अक्सर आती-जाती थी। वारदात वाले दिन भी वह अपनी बहन के साथ वहां गई थी। आरोप है कि उसने सामान लाने के बहाने अपनी स्कूटी देकर छोटी बहन और उसकी सहेली को पुराने बस स्टैंड भेज दिया। दोनों के घर से निकलते ही उसने अलमारी से जेवर चुराए और फरार हो गई।
जेवर जब्त, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी युवती ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर जब्त कर लिए।
पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने 22 नवंबर 2026 को युवती को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर दुर्ग महिला जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह और साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार सहित संयुक्त टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।




