रायपुर 06/11/2026 Pradhan Mantri Awas Yojana Urban : दीपावली के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के 4,670 शहरी गरीब परिवारों को केंद्र सरकार की ओर से पक्के मकान की बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में, भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने ‘प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0’ के लाभार्थी आधारित निर्माण (BLC) घटक के तहत इन नए आवासों की मंजूरी दी है। यह स्वीकृति राज्य के 27 जिलों के 84 नगरीय निकायों के लिए जारी की गई है।

इस नई मंजूरी के बाद प्रदेश में बीएलसी (BLC) घटक के तहत स्वीकृत आवासों की संख्या बढ़कर 60,623 हो गई है। इसके अलावा, भागीदारी में किफायती आवास (AHP) घटक के तहत 15,463 मकान पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं। इस प्रकार, छत्तीसगढ़ में PMAY-U 2.0 के तहत कुल स्वीकृत आवासों की संख्या 76,086 तक पहुँच गई है।
मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री ने दी बधाई मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए सभी लाभार्थी परिवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर पात्र परिवार को छत देने के लिए संकल्पबद्ध है।
वहीं, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री व उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे नगरीय विकास की दिशा में अहम कदम बताते हुए सभी 84 निकायों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और हितग्राहियों को हर संभव सहयोग देने के निर्देश दिए हैं।




