कोरबा 23 अक्टूबर 2026। कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बालिका के अपहरण और नृशंस हत्या की हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस दुखद वारदात पर कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सांसद श्रीमती महंत ने कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी से दूरभाष पर बातचीत कर मामले की पूरी जानकारी ली। उन्होंने एसपी से मामले में निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। सांसद ने चिंता जताते हुए कहा कि एक तरफ जहाँ समाज नवरात्रि के अवसर पर देवी रूपी कन्याओं की पूजा और आराधना कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ ऐसी वीभत्स घटना का होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
सांसद ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की त्वरित सुनवाई के लिए प्रकरण को फास्ट ट्रैक कोर्ट में भेजा जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सभी आवश्यक साक्ष्य मज़बूती से जुटाकर अदालत में कड़ी पैरवी करने और दोषी को कानून के अनुसार सख्त से सख्त सजा दिलाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, सांसद ज्योत्सना महंत ने मुड़ापार क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का जिक्र करते हुए जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने एसपी से अपील की कि कोरबा क्षेत्र में अवैध शराब, नशीली दवाओं और ‘सूखे नशे’ के कारोबार व इसमें लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोरतम कार्रवाई की जाए। अंत में, सांसद ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह असह्य दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।




