भोपाल 18 अक्टूबर 2026: राजधानी भोपाल में जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भारी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। टीआई रतन सिंह परिहार के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग को लेकर सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे जयस कार्यकर्ताओं को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो दोनों पक्षों में तीखी बहस, धक्का-मुक्की और झूमाझटकी शुरू हो गई। इसी दौरान एक महिला जयस कार्यकर्ता द्वारा पुलिस आरक्षक को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है, जो कैमरे में भी कैद हुआ है।

बताया जा रहा है कि पूर्व में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस के कथित दुर्व्यवहार से कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी थी। जयस कार्यकर्ताओं ने संबंधित टीआई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया था और उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों द्वारा महिला पुलिस अधिकारियों समेत अन्य पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की किए जाने का भी आरोप है। इस घटना के बाद भोपाल में प्रदर्शनों के दौरान कानून-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
📍




