बालोद 7 अक्टुबर 2026 : छत्तीसगढ़ के बालोद में छात्रा पर हुए एसिड अटैक मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जब पुलिस जिला न्यायालय पेश करने ले जा रही थी, तब घड़ी चौक के पास उग्र भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। आक्रोशित लोगों ने दोनों आरोपियों के साथ जमकर मारपीट की और उनके चेहरों पर कालिख पोत दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपियों को भीड़ से छुड़ाया और कोर्ट में पेश किया। बाद में सुरक्षा के लिहाज से दोनों को जेल ले जाते समय हेलमेट पहनाया गया। इस बीच स्थानीय वकीलों ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पैरवी करने से साफ इनकार कर दिया है।

डेढ़ साल से थी पहचान, रंजिश में रची हमले की साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पीड़ित छात्रा और मुख्य आरोपी यश सोनकर एक ई-लाइब्रेरी में साथ पढ़ते थे और पिछले डेढ़ साल से एक-दूसरे को जानते थे। छात्रा की किसी अन्य युवक से बातचीत को लेकर यश उससे नाराज चल रहा था। इसी रंजिश के चलते यश ने अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर छात्रा पर एसिड फेंकने की पूरी योजना बनाई। आरोपियों ने 26 सितंबर को भैरमगढ़ से करण को बुलाकर दुर्ग से एसिड खरीदा था। पहले गणेश उत्सव के दौरान हमला करने की योजना थी, लेकिन कड़ी सुरक्षा के कारण आरोपी वारदात को अंजाम नहीं दे पाए।
लाइब्रेरी से लौटते वक्त हमला, छात्रा रायपुर रेफर
5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे जब छात्रा लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी, तब सिंचाई कॉलोनी के पास आरोपी करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक हमले में छात्रा का चेहरा और शरीर गंभीर रूप से झुलस गया है, जिससे उसकी दायीं आंख की रोशनी प्रभावित हुई है और एक हाथ भी जल गया है। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से पकड़े गए आरोपी
घटना के तुरंत बाद एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। सबसे पहले संदेही यश सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने पूरी साजिश और अपने साथी करण का नाम कबूला। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी करण कुंजाम को कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल लेकर पहुंची और क्राइम सीन री-क्रिएट कराया। पुलिस अब एकत्रित किए गए सभी मजबूत साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है।




