नागपुर/रायपुर 11 सितंबर Nagpur Raipur Highway : नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई। महाराष्ट्र के भंडारा जिले की लाखनी तहसील अंतर्गत आने वाले मानेगांव और पिंपलगांव के बीच रायपुर से नागपुर की ओर जा रही एक अनियंत्रित एसयूवी सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन मासूम बच्चों सहित आठ लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत पास के साकोली उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तड़के 4 बजे हुआ भीषण हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसयूवी में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर यात्रा कर रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4:00 बजे जब उनकी गाड़ी मानेगांव और पिंपलगांव के बीच पहुंची, तभी यह भयानक हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री अंदर ही बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया और चीख-पुकार सुनकर राहगीर एकत्र हो गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन: जेसीबी से कटर का लिया गया सहारा
घटना की जानकारी मिलते ही लाखनी पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचा। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। गाड़ी इस कदर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि शवों और घायलों को निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद वाहन के हिस्सों को अलग कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सका।
घायलों का साकोली अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में जीवित बचे तीनों घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार देते हुए साकोली उपजिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतकों और घायलों की शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा उनके परिजनों को सूचित करने का प्रयास जारी है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







