सागाइंग (म्यांमार) Myanmar Airstrike, : म्यांमार के सागाइंग क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सैन्य हवाई हमले में कम से कम 14 लोगों की जान चली गई और 20 से अधिक घायल हो गए। यह हमला म्यांग टाउनशिप के स्वेल ले ओह गांव स्थित एक बौद्ध मठ में हुआ, जब वहां श्रद्धालु एक सप्ताह के विशेष ध्यान शिविर में भाग ले रहे थे।

15 मिनट के अंतराल में गिराए दो बम स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों और ‘सिविल डिफेंस एंड सिक्योरिटी ऑर्गनाइजेशन’ के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे म्यांमार की सेना के एक लड़ाकू विमान ने मठ परिसर को निशाना बनाया। हमला उस समय हुआ जब बौद्ध धर्म के पवित्र ‘लेंट काल’ के तहत 100 से अधिक लोग शांतिपूर्ण माहौल में ध्यान लगा रहे थे। विमान से 15 मिनट के अंतराल पर दो बम गिराए गए—पहला बम सीधे मठ पर पड़ा और दूसरा पास के एक रिहायशी मकान पर, जिससे भारी तबाही मची।
दहशत और पलायन का माहौल हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और मृतकों को दफनाने के बाद गांव के अधिकांश लोग खौफ के साए में पास के समुदायों में शरण लेने को मजबूर हो गए हैं।
राजनीतिक और सैन्य संघर्ष से जूझ रहे म्यांमार में लोकतंत्र समर्थक और जातीय सशस्त्र समूहों को निशाना बनाने के नाम पर सेना लगातार हवाई हमले कर रही है। हालांकि सैन्य सरकार ने इस घटना पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन विपक्षी समूहों का आरोप है कि इन अभियानों में लगातार आम नागरिकों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है।








