कोरबा: छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने शुक्रवार को कोरबा प्रेस क्लब के दिवंगत सदस्य और पत्रकार स्वर्गीय संजय देवांगन के दुरपा रोड स्थित निवास पहुंचकर उनके शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए 25 हजार रुपये की तत्कालिक सहायता राशि सौंपी।
Advt

गौरतलब है कि हाल ही में कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री अग्रवाल ने यह घोषणा की थी कि प्रेस क्लब के किसी भी सदस्य के आकस्मिक निधन होने पर उनके परिवार की मदद के लिए 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अपनी इसी घोषणा पर अमल करते हुए वे दिवंगत पत्रकार के गृह निवास पहुंचे और शोक-संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज,उप सचिव हरीश तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र गुप्ता, डॉली सिंह और दिनेश श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।








