रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा घोषित नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण स्थान मिला है। प्रदेश के दो वरिष्ठ नेताओं को केंद्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारियों से नवाजा गया है। महासमुंद से सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, वहीं दीपक म्हस्के को पार्टी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक का अहम प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले सोशल मीडिया की यह कमान अमित मालवीय संभाल रहे थे।

यह दूसरा मौका है जब भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय बागडोर छत्तीसगढ़ के खाते में आई है। इससे पूर्व राज्य की वरिष्ठ नेता सरोज पांडेय भी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं। हालांकि, इस बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सरोज पांडेय का नाम शामिल नहीं है; वे इससे पहले राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर कार्यरत थीं। रूप कुमारी चौधरी की इस पदोन्नति को प्रदेश में महिला नेतृत्व को बल देने और सांगठनिक पकड़ मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है।
राम माधव और स्मृति ईरानी की केंद्रीय संगठन में वापसी
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जारी 69 पदाधिकारियों की इस नई सूची में कई कद्दावर नेताओं की वापसी हुई है। वरिष्ठ नेता राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद देकर संगठन में फिर से प्रमुख भूमिका दी गई है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की भी राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है, जिन्हें राष्ट्रीय महामंत्री का जिम्मा सौंपा गया है। आगामी चुनावी रणनीतियों और सांगठनिक विस्तार को ध्यान में रखकर बनाई गई इस टीम में 12 महिलाओं सहित देशभर के प्रमुख नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है।








