कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले से सुरक्षाबलों की सजगता की एक बड़ी खबर सामने आई है। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गट्टाकाल के पथरीले और जंगली रास्तों में नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। सर्चिंग पर निकले जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया 3 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED (विस्फोटक) बरामद किया है।
Advt

समय रहते इस बारूदी साजिश का पता चलने से एक बड़ा हादसा टल गया है।
संयुक्त टीम को मिली कामयाबी
इस ऑपरेशन को किसी एक टीम ने नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के आपसी तालमेल से अंजाम दिया गया। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए तीन प्रमुख टीमें संयुक्त रूप से सर्चिंग अभियान चला रही थीं:📍स्थानीय जिला पुलिस📍सीमा सुरक्षा बल (BSF)📍बम निरोधक दस्ता (BDS)
इसी सघन चेकिंग के दौरान जवानों की नजर एक संदिग्ध जगह पर पड़ी। जब वहां बारीकी से जांच की गई, तो जमीन के भीतर दबा हुआ कुकर बम बरामद हुआ।
मौके पर ही धमाका कर उड़ाया: आईईडी मिलते ही बम निरोधक दस्ते (BDS) ने कमान संभाली। सुरक्षा के तमाम कड़े मानकों का पालन करते हुए, बिना कोई जोखिम लिए इस 3 किलो के घातक विस्फोटक को जंगल में ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज (नष्ट) कर दिया गया।
जंगलों में कड़ा पहरा, बैकफुट पर नक्सली
वरिष्ठ अधिकारियों के कड़े निर्देशन में कांकेर और उसके आसपास के सीमावर्ती इलाकों में नक्सल उन्मूलन अभियान को बेहद आक्रामक तरीके से चलाया जा रहा है। इस कामयाबी के बाद सुरक्षाबलों ने जंगल और पहाड़ी रास्तों पर अपनी गश्त (सर्च ऑपरेशन) और तेज कर दी है। इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ताकि नक्सलियों की किसी भी अप्रिय गतिविधि को पनपने से पहले ही कुचला जा सके।








