Home » कोरबा » अधिकारी की ‘मनमर्जी’ ने जवान को मौत के मुहाने पर धकेला; सुसाइड नोट से मची खलबली, अब जिला सेनानी पर FIR की मांग पर अड़े जवान!

अधिकारी की ‘मनमर्जी’ ने जवान को मौत के मुहाने पर धकेला; सुसाइड नोट से मची खलबली, अब जिला सेनानी पर FIR की मांग पर अड़े जवान!

Share:

कोरबा, छत्तीसगढ़ 27 जनवरी। न्याय के सबसे बड़े केंद्र ‘कलेक्टोरेट’ परिसर में जब एक रक्षक को ही खुदकुशी की राह चुननी पड़े, तो समझ लीजिए कि व्यवस्था के भीतर किस कदर तानाशाही और प्रताड़ना का जहर घुला हुआ है। कोरबा जिले के नगर सेना विभाग में एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक बर्खास्त जवान संतोष पटेल ने मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर मौत को गले लगाने की कोशिश की।

कलेक्टोरेट में ‘सुसाइड अटेंप्ट’ से हड़कंप

जानकारी के अनुसार, जिला सेनानी द्वारा सेवा से बाहर निकाले जाने के बाद जवान संतोष पटेल गहरे सदमे में था। उसने प्रशासन के सामने अपनी गुहार लगाने के बजाय कलेक्टोरेट परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है। वर्तमान में जवान जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

सुसाइड नोट: अफसरों के जुल्मों की दास्तां

जवान ने जहर सेवन से पहले एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसने प्रशासनिक महकमे की नींद उड़ा दी है। इस नोट में संतोष ने सीधे तौर पर डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। यह पत्र अब विभाग में हो रहे शोषण का सबसे बड़ा सबूत बन गया है।

जवानों का विद्रोह: कार्यालय का घेराव

इस घटना की खबर जैसे ही अन्य नगर सैनिकों को लगी, उनका गुस्सा फूट पड़ा। नगर सेना कार्यालय परिसर में जवानों ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आंदोलित जवानों की स्पष्ट मांग है:

1.FIR और गिरफ्तारी: दोषी जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।

2.बहाली: पीड़ित जवान संतोष पटेल को बिना शर्त नौकरी पर वापस लिया जाए।

पुराने आरोपों ने बढ़ाई मुश्किल

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पहला मौका नहीं है जब जिला सेनानी पर उंगलियां उठी हों। इससे पहले महिला नगर सैनिकों ने भी उन पर गंभीर उत्पीड़न और बदसलूकी के आरोप लगाए थे। बार-बार मिल रही शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होना अब प्रशासन के लिए गले की हड्डी बन गया है। फिलहाल, मौके पर तनाव बना हुआ है और पुलिस बल तैनात है।

Leave a Comment