बिलासपुर। शहर के प्रतिष्ठित सिम्स (CIMS) अस्पताल के गायनिक (महिला) वार्ड में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भर्ती एक महिला मरीज ने जल्दी डिस्चार्ज करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। बात इतनी बढ़ गई कि महिला ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स और समझाने आए सुरक्षाकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना के बाद अस्पताल के मेडिकल स्टाफ में भारी आक्रोश व्याप्त है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, महिला सिम्स के गायनिक वार्ड में उपचार के लिए भर्ती थी। वह लगातार डॉक्टरों पर जल्दी डिस्चार्ज करने का दबाव बना रही थी। जब डॉक्टरों ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अभी रुकने की सलाह दी, तो महिला उग्र हो गई। महिला ने पहले डॉक्टरों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की, और जब स्टाफ नर्स ने उसे शांत कराने की कोशिश की, तो महिला ने उसे थप्पड़ मार दिया।
सुरक्षाकर्मी को भी नहीं बख्शा
वार्ड में हंगामा बढ़ता देख मौके पर पहुंचे सुरक्षा गार्ड ने जब महिला को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो आरोपी महिला ने उसे भी थप्पड़ रसीद कर दिया। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुए इस हंगामे के कारण वार्ड में भर्ती अन्य मरीज और उनके परिजन भी सहम गए। सूत्रों के अनुसार अस्पताल प्रबंधन ने हंगामा करने वाली महिला के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया है और न ही महिला का नाम उजगार किया है। इस वारदात का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
स्टाफ ने की सुरक्षा की मांग
इस घटना से नाराज स्टाफ नर्सों और अन्य चिकित्सा कर्मियों ने सिम्स प्रबंधन से कड़ी नाराजगी जताई है। कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ आए दिन बदतमीजी और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। नर्सों ने प्रबंधन से अस्पताल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।








