कोरबा। नववर्ष के आगमन पर पिकनिक और पर्यटन स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने जिलेवासियों से एक जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खुशियों के जश्न में हम अपनी प्रकृति और संस्कारों को न भूलें।
प्लास्टिक मुक्त रखें पर्यटन स्थल
जितेंद्र सारथी ने कहा कि जब आप परिवार और मित्रों के साथ प्राकृतिक क्षेत्रों या जलस्रोतों के पास जाएं, तो वहां गंदगी न फैलाएं। प्लास्टिक की बोतलें, पन्नी और डिस्पोजेबल प्लेट्स का उपयोग कम करें और उपयोग के बाद कचरे को डस्टबिन में ही डालें। हमारे छोटे प्रयास ही पर्यावरण को सुरक्षित रख सकते हैं ताकि आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ वातावरण मिल सके।
नशे से बचें: “मस्ती कहीं मातम में न बदल जाए”
सारथी ने शराब और नशे को लेकर गंभीर चेतावनी देते हुए कहा कि पिकनिक स्थलों पर खुलेआम शराब का सेवन सभ्य समाज की पहचान नहीं है। उन्होंने वाहन चालकों को आगाह किया कि:
-
नशे में वाहन न चलाएं: हर साल नववर्ष पर नशे के कारण दर्जनों लोग अपनी जान गंवाते हैं।
-
बच्चों पर बुरा असर: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना बच्चों के मानस पटल पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। यह न हमारी संस्कृति है और न ही संस्कार।
जिले की छवि का रखें ध्यान
कोरबा में अन्य जिलों और राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। यदि हम गंदगी फैलाएंगे या अभद्र व्यवहार करेंगे, तो जिले की छवि खराब होगी। सारथी ने जोर दिया कि “स्वच्छता अपनाएं–प्रकृति बचाएं” के संकल्प के साथ ही इस नववर्ष को ‘हरित नववर्ष’ के रूप में मनाएं।








