नई दिल्ली: संसद के उच्च सदन राज्यसभा में आज माहौल पूरा टाइट रहा, कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इतिहास के पन्ने पलटते हुए केंद्र सरकार पर अब तक का तीखा हमला बोला। दरअसल कल लोकसभा से होते हुए आज राज्यसभा में वंदे मातरम् पर चल रही इसी चर्चा के दौरान खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग आज हमें देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं, उन्हें अपना इतिहास पढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मैं पिछले 60 सालों से वंदे मातरम् गा रहा हूं, बीजेपी के लोगों ने इसे अब गाना शुरू किया है।
खड़गे ने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि जब 1921 में महात्मा गांधी ने असहयोग आंदोलन शुरू किया था, तब कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ता वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारे लगाते हुए खुशी-खुशी जेल जा रहे थे।








