Home » देश » मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का मदनी पर पलटवार, कहा—‘भारत में मुसलमान सुरक्षित, वंदे मातरम इस्लाम के खिलाफ नहीं’

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का मदनी पर पलटवार, कहा—‘भारत में मुसलमान सुरक्षित, वंदे मातरम इस्लाम के खिलाफ नहीं’

Share:

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने रविवार को जमीयत उलमा-ए-हिंद के प्रमुख मौलाना महमूद मदनी के बयान को खारिज करते हुए उन पर तीखा प्रहार किया। मंच के राष्ट्रीय संयोजक एस. के. मुद्दीन ने कहा कि भारत में मुसलमानों को पूर्ण संवैधानिक अधिकार और सुरक्षा प्राप्त है। उनके अनुसार ‘वंदे मातरम’ राष्ट्रीय गीत है और इसे गाना इस्लाम के खिलाफ नहीं है।

मुद्दीन ने बताया कि भारत के मुस्लिम बेटे और बेटियां सेना, सुरक्षा एजेंसियों तथा अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में देश की सेवा कर रहे हैं, जिसे मदनी स्वीकारने में विफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मदनी जैसे नेताओं के बयान मुसलमानों को प्रगति से दूर करते हैं।

मध्य प्रदेश मदरसा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एस. के. मुद्दीन ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ मातृभूमि को नमन करने का गीत है और वतन की मिट्टी की प्रशंसा करना इस्लाम की भावना के अनुरूप है। उन्होंने बुद्धिजीवी मुसलमानों से ‘अलगाववादी विचारधारा’ वाले मौलवियों से सतर्क रहने और उनका विरोध करने की अपील की। उनके अनुसार देश का आम मुस्लिम शांतिपूर्वक अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है और मेहनत से जीवन यापन कर रहा है।

इधर, भोपाल में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और अन्य संगठनों ने मदनी पर देश और सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ बयान देने का आरोप लगाते हुए रोशनपुरा चौराहे पर उनका पुतला दहन किया।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले मौलाना महमूद मदनी ने कहा था कि देश के हालात चिंताजनक हैं, एक समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है और सुप्रीम कोर्ट सरकार के दबाव में काम कर रही है।

Leave a Comment