.
असम: मुख्यमंत्री के विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ ने पिछले छह महीनों से नूपुर बोरा पर नजर रखी थी। यह निगरानी तब शुरू हुई जब उनके खिलाफ बारपेटा के राजस्व सर्किल मे..विवादास्पद भूमि सौदों की शिकायतें आईं। सोमवार को प्रकोष्ठ की टीम ने गुवाहाटी में उनके आवास पर छापा मारा और जब्ती की कार्रवाई की। इसके अलावा बारपेटा स्थित उनके किराए के धर पर भी तलाशी ली गई।
छापे में न केवल नकद राशि और सोने के आभूषण बरामद हुए, बल्कि उनके कथित सहयोगी, लाट मंडल सुरजीत डेका के घर पर भी छापा मारा गया। डेका बारपेटा के राजस्व मंडल कार्यालय में तैनात हैं और उस पर भी कई जमीनों में मिलीभगत करने का आरोप है।
असम के बारपेटा में एक विशेष समुदाय को अवैध भूमि हस्तांतरण किया गया। इस मामले में बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ। जांच हुई तो चौंकानेवाली बात सामने आई। यह सब एक महिला अफसर ने किया। हैरानी की बात है कि असम सिविल सर्विसेस की यह महिला अफसर 2019 बैच की है। अधिकारी नुपुर बोरा को गिरफ्तार कर लिया गया है उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई। कैश, जेवर और कीमती सामान जब्त किया गया है।
SP ने बताया
एसपी रोज़ी कलिता ने बताया कि 2019 बैच की एसीएस अधिकारी नुपुर बोरा वर्तमान में कामरूप जिले के गोराईमारी में सर्कल ऑफिसर के रूप में तैनात थीं। नुपुर बोरा के दो अपार्टमेंट पर सीएम के सतर्कता प्रकोष्ठ ने छापे मारे। दोनों फ्लैट से लगभग 1 करोड़ रुपये नगद, लाखों रुपये के हीरे और अन्य आभूषण मिले हैं।
शिकायत के बाद जांच
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यह कार्रवाई अधिकारी के बारे में विशिष्ट शिकायतों पर आधारित थी। शिकायत आई थी कि उन्होंने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक नगदी और संपत्ति जमा की है। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच के निष्कर्ष उन्हें निचले असम के बारपेटा में अपने कार्यकाल के दौरान अवैध भूमि हस्तांतरण से जोड़ते हैं।
एक फैसले के बाद जांच
27 अगस्त को, कैबिनेट ने जनसांख्यिकीय परिवर्तनों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का हवाला देते हुए एक नए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) को मंज़ूरी दी। इसके तहत सभी अंतर-धार्मिक ज़मीनी लेन-देन के लिए असम पुलिस की विशेष शाखा से मंज़ूरी लेना अनिवार्य कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस सप्ताहांत राज्य के अपने दौरे के दौरान अवैध प्रवासियों से असम की जनसांख्यिकी को ख़तरा बताया था।
इंस्टाग्राम पर ब्रैंडेड सामान के साथ आती थीं नजर
विजिलेंस सेल के एसपी ने बताया कि नुपुर बोरा, जिनकी इंस्टाग्राम प्रोफ़ाइल उनके फ़ैशन, सजावट और यात्रा के प्रति प्रेम को दर्शाती है, गुवाहाटी के गोटानगर इलाके में अपार्टमेंट की मालिक हैं। पुलिस टीमों ने बोरा के कथित साथी सुरजीत डेका के बारपेटा स्थित घर सहित चार जगहों पर संपत्तियों की तलाशी ली।
2019 में असम सिविल सेवा में शामिल हुईं बोरा इससे पहले बारपेटा और कार्बी आंगलोंग में सेवा दे चुकी हैं। बारपेटा में अपनी तैनाती के दौरान, वह कथित तौर पर करोड़ों रुपये के भूमि घोटाले में फंस गईं। कामरूप ज़िले के गोरोइमारी में बोरा के तबादले के बाद, भ्रष्टाचार की नई शिकायतें सामने आईं, जिनमें ज़मीन से जुड़े मामलों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोप भी शामिल हैं। यह ताज़ा कार्रवाई इन आरोपों की व्यापक जांच का हिस्सा है।








