Latest News
आंध्र प्रदेश के तट से टकराया भीषण चक्रवात ‘मुरासु’, 120 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही हवाएं; ओडिशा-पुडुचेरी में अलर्ट धीरेंद्र शास्त्री की राम-कृष्ण टिप्पणी पर गर्माई राजनीति: दिग्विजय बोले ‘मूर्ख’, बघेल का कटाक्ष- ‘रेबीज की जांच हो’ रायपुर: श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने पार किया 45 हजार बाल शल्य चिकित्सा का ऐतिहासिक आंकड़ा, मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने जताई खुशी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रायपुर दौरा आज: ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का करेंगे उद्घाटन,दौरे का पूरा मिनट-टू-मिनट शेड्यूल राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान एक पत्रकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया, CAF आरक्षक निलंबित अरब सागर में भारतीय नौसेना का बड़ा पराक्रम: 48 घंटे के सुनियोजित रेस्क्यू ऑपरेशन में मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ और 20 क्रू मेंबर्स सुरक्षित मुक्त
Home » स्वास्थ्य » रायपुर: श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने पार किया 45 हजार बाल शल्य चिकित्सा का ऐतिहासिक आंकड़ा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताई खुशी

रायपुर: श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने पार किया 45 हजार बाल शल्य चिकित्सा का ऐतिहासिक आंकड़ा, मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने जताई खुशी

Share:

नवा रायपुर में नर्सिंग कॉलेज एवं डॉरमेटरी का भूमिपूजन संपन्न; केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया रहे विशेष रूप से मौजूद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और नवा रायपुर स्थित ‘श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल’ ने अपने सेवा कार्यों से इसे पूरी तरह साकार किया है। अस्पताल द्वारा 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा का ऐतिहासिक आंकड़ा पार करना केवल चिकित्सा जगत की बड़ी उपलब्धि नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना, करुणा और निःस्वार्थ सेवा की एक अनुपम मिसाल है।

मुख्यमंत्री श्री साय नवा रायपुर में आयोजित 45 हजार बच्चों की शल्य चिकित्सा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम तथा जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन व डॉरमेटरी के भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस गरिमामय अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा तथा स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित थे।

सेवा और समर्पण की मिसाल

मुख्यमंत्री ने इस अभूतपूर्व सफलता के लिए श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी सेवाभावी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा:

“जब कोई मासूम बच्चा गंभीर बीमारी से जूझता है, तो पूरा परिवार भारी चिंता और पीड़ा से गुजरता है। ऐसे कठिन समय में निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण उपचार देकर मासूमों को नया जीवन लौटाना अत्यंत पुण्य का कार्य है।”

उन्होंने आगे कहा कि श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने यह सिद्ध कर दिया है कि चिकित्सा सेवा केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में संवेदना, विश्वास और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम भी है।

जनजातीय युवाओं और बेटियों के लिए नए अवसर

जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की पहल को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे प्रदेश के दूरस्थ व जनजातीय अंचलों के युवाओं, विशेषकर बेटियों को स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। इससे युवा आत्मनिर्भर बनेंगे और प्रदेश में कुशल स्वास्थ्यकर्मियों की कमी दूर होगी।

उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर गरीब, वंचित और सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसमें श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल जैसी संस्थाओं की भागीदारी सरकार के संकल्प को और अधिक बल प्रदान करती है।

केंद्रीय मंत्री ने की सराहना

समारोह में उपस्थित केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अस्पताल द्वारा बच्चों के निःशुल्क इलाज और मानव सेवा के क्षेत्र में दिए जा रहे अभूतपूर्व योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने 45 हजार बच्चों के सफल ऑपरेशन के ऐतिहासिक मील के पत्थर पर अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की टीम को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारी, वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।