कोरबा 19 अक्टूबर 2026। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र की सड़कों की दशा सुधारने और आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। निगम क्षेत्र की 20 महत्वपूर्ण सड़कों के डामरीकरण, जीर्णोद्धार एवं नवनिर्माण के लिए 24 करोड़ 20 लाख 62 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। रविवार को कोसाबाड़ी चौक पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में इन सभी विकास कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ।

इस गरिमामयी आयोजन में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित मेयर इन काउंसिल (MIC) के सदस्य, पार्षद, एल्डरमेन और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पिछले ढाई वर्षों में 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत: लखनलाल देवांगन
भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा शहर का विकास बेहद तेजी से हो रहा है। राज्य सरकार और निगम प्रशासन के निरंतर प्रयासों से पिछले ढाई वर्षों से अधिक समय में विभिन्न मदों के अंतर्गत 1100 करोड़ रुपये से अधिक के छोटे-बड़े विकास कार्यों को मंजूरी दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरबा को जिला खनिज न्यास (DMFT) मद की बड़ी सौगात दी है, जिससे क्षेत्र में अधोसंरचना का विस्तार हो रहा है। चूंकि कोरबा एक खनन प्रभावित क्षेत्र है, इसलिए हमारा विशेष ध्यान इस बात पर है कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सभी क्षेत्रों का समान रूप से विकास हो।”
मंत्री देवांगन ने आगे बताया कि आज जिन 20 सड़कों के डामरीकरण का काम शुरू हुआ है, उससे निगम क्षेत्र की लगभग 90 प्रतिशत सड़कें कवर हो जाएंगी। शेष बची सड़कों का निर्माण भी जल्द शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में ऐतिहासिक कार्य और फैसले हुए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में इसे संवारने का काम किया जा रहा है।
बारिश के बाद काम में आई तेजी, गुणवत्ता पर रहेगा जोर: महापौर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि सड़कों के जर्जर होने के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। मानसून के कारण डामरीकरण का काम रुका हुआ था, जिसे अब बारिश समाप्त होते ही प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिया गया है।
महापौर ने निगम के संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए कि डामरीकरण कार्य के दौरान निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कोरबा निगम क्षेत्र के लिए 1100 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की स्वीकृति हेतु उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और डीएमएफटी मद से लगातार बजट उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत का आभार व्यक्त किया।
शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर: कलेक्टर
कलेक्ट कुणाल दुदावत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कोरबा की अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए लगातार बजट स्वीकृत किया जा रहा है। पिछले एक साल के दौरान डीएमएफटी मद से शहर के साथ-साथ पंचायतों में भी स्कूल, आंगनवाड़ी और सड़क निर्माण के कार्यों को हरी झंडी दी गई है।
कलेक्टर ने दर्री से बरमपुर मार्ग, ध्यानचंद चौक से ढेगुरनाला तक फोरलेन, कोसाबाड़ी से रिसदी फोरलेन और उरगा से शहर की कनेक्टिविटी बढ़ाने वाली प्रमुख सड़कों का उल्लेख करते हुए बताया कि इन परियोजनाओं से कोरबा शहर की चारों दिशाओं में आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी काम समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।
15 अक्टूबर के वादे के अनुरूप शुरू हुआ काम: निगम आयुक्त
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने जानकारी दी कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने 15 अक्टूबर के बाद सड़कों के डामरीकरण की शुरुआत करने का जो वादा जनता से किया था, उसे आज पूरा कर दिया गया है। वर्तमान में जिला खनिज न्यास मद से लगभग 250 करोड़ रुपये के विकास कार्य संचालित हो रहे हैं। आयुक्त ने ढेगुरनाला रोड, गौरव पथ, मटन मार्केट, हाकी टर्फ, वर्ल्ड क्लास सिंथेटिक ट्रैक और सुनालिया पुल निर्माण की प्रगति रिपोर्ट साझा की और भरोसा जताया कि निगम के इंजीनियर दिन-रात मेहनत कर एक माह के भीतर इन कार्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
इन 20 प्रमुख सड़कों का हुआ भूमिपूजन (लागत विवरण):
-
सुराकछार बस्ती (वार्ड 66): पिताम्बर तंवर घर के पास से बलगी खदान मार्ग तक (25 लाख रुपये)
-
सेमीपाली (वार्ड 55): मेन रोड सेमीपाली चौक से पीपल चौक होते हुए सलिहाभांठा मार्ग तक (20 लाख रुपये)
-
कोरबा जोन: सुनालिया ब्रिज से पावर हाउस रोड अंडरब्रिज तक (1.12 करोड़ रुपये)
-
कोरबा जोन: पावर हाउस रोड फाटक पुराने बस स्टैंड अंडरब्रिज तक (1.57 करोड़ रुपये)
-
कोसाबाड़ी जोन: जैन चौक से घंटाघर तक (1.25 करोड़ रुपये)
-
कोसाबाड़ी जोन: घंटाघर से कोसाबाड़ी चौक तक (1.99 करोड़ रुपये)
-
राजीव नगर (वार्ड 49): विभिन्न आंतरिक मार्ग (35 लाख रुपये)
-
सीतामणी मार्ग (वार्ड 12): सुनालिया ब्रिज स्टेशन रोड नहर से सीतामणी मुख्य मार्ग तक (88 लाख रुपये)
-
परिवहन नगर जोन: डीडीएम रोड से लालूराम कॉलोनी होते हुए बस स्टैंड तक (1.64 करोड़ रुपये)
-
तुलसीनगर (वार्ड 03): सुनालिया ब्रिज से तुलसीनगर बाईपास रोड तक (1.98 करोड़ रुपये)
-
सुभाष चौक (कोसाबाड़ी जोन): सुभाष चौक से सबस्टेशन तक (98 लाख रुपये)
-
नेहरू नगर (वार्ड 24): आंतरिक सड़कें (55 लाख रुपये)
-
पोड़ीबहार (वार्ड 32): पोड़ीबहार चर्च से लक्की बिग बास्केट मोड़ तक (1.65 करोड़ रुपये)
-
बैगनडभार: कलेक्ट्रेट एटीएम से बैगनडभार आंगनवाड़ी तक (66 लाख रुपये)
-
सरदार पटेल नगर (वार्ड 58): आवासीय क्षेत्र की सड़कें (1.50 करोड़ रुपये)
-
सरदार पटेल नगर (वार्ड 58): व्यावसायिक क्षेत्र की सड़कें (1.45 करोड़ रुपये)
-
बालको (वार्ड 38): लालघाट चेकपोस्ट से रिसदा चौक तक बीटी रोड (1.20 करोड़ रुपये)
-
रिसदा रोड (वार्ड 39 एवं 40): रिसदा चौक से गायत्री मंदिर तक बीटी रोड (1.80 करोड़ रुपये)
-
प्रेम नगर (वार्ड 64): मुख्य सड़क से कपाटमुड़ा डिपरापारा बस्ती तक (1.38 करोड़ रुपये)
-
टीपी नगर (वार्ड 15): सीएसईबी चौक से टीपी नगर चौक तक (1.80 करोड़ रुपये)
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र पाण्डेय, डॉ. राजीव सिंह, योगेश जैन, प्रफुल्ल तिवारी, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, अशोक चावलानी, फिरतराम साहू, अजय गोंड़, चंद्रकली जायसवाल, प्रेमकुमार साहू, ममता यादव, सत्येंद्र दुबे, लक्ष्मण श्रीवास, पंकज देवांगन, रामकुमार साहू, युगल कैवर्त्य, चंद्रलोक सिंह, ईश्वर पटेल, अमिलाल चौहान, राकेश वर्मा, चेतन सिंह मैत्री, सुषमा रमा शंकर, वर्षा दिनेश वैष्णव, प्रीति दिनेश शर्मा, धनश्री अजय साहू, मथुराबाई चंद्रा, प्रताप सिंह कंवर, तरुण राठौर, ईश्वर साहू, मुकुंद सिंह कंवर, योगेश मिश्रा, ज्योति वर्मा, दिनेश वैष्णव, मनीष मिश्रा, नवीन अरोरा, राकेश अग्रवाल, ललेश मिश्रा, रामेश्वर वैष्णव, सुलोचना यादव, प्रीति स्वर्णकार, सरजू अजय, जुगावली देवी, हारबाई यादव, अमित टमकोरिया सहित स्थानीय पार्षद, एल्डरमेन और नागरिक उपस्थित रहे।




