कोरबा 7 अक्टुबर Dumper Fire Accident : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की दीपका कोयला खदान में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खदान के भीतर परिचालन में लगे कलिंगा कंपनी के एक डंपर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य का यह डंपर कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि आग भड़कते ही चालक ने समझदारी दिखाई और तुरंत डंपर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर खदान के अंदर कार्य में तैनात था। इसी दौरान इंजन के समीप से अचानक चिंगारी निकली, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और आग पूरे केबिन में फैल गई। मौके पर मौजूद खदान कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वाहन को बचाया नहीं जा सका।
सुरक्षा मानकों और मेंटेनेंस पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और खदान कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। कर्मचारियों ने कलिंगा कंपनी के प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और वाहनों के लचर रख-रखाव (मेंटेनेंस) का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कंपनी में लगातार हादसे हो रहे हैं और खदान कार्य में पुराने व खस्ताहाल वाहनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों की जान जोखिम में बनी रहती है।
लोगों का आरोप है कि इससे पहले भी कंपनी के वाहनों में आगजनी और दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन हर बार तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट का हवाला देकर मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है। फिलहाल, घटना की आधिकारिक सूचना SECL और कलिंगा कंपनी के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की जांच की मांग की जा रही है।




