कोरबा 27 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के पावर हाउस रोड स्थित मस्जिद के पास शराब के नशे में धुत एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) ने सड़क किनारे खड़ी कार को एक बार नहीं, बल्कि दो बार टक्कर मार दी। घटना के बाद पुलिस अधिकारी ने जमकर हंगामा भी किया।

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा थाने में पदस्थ ASI अश्वनी वर्मा देर रात अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पावर हाउस रोड पर उन्होंने सड़क किनारे खड़ी एक कार को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहली टक्कर के बाद ASI ने अपनी गाड़ी पीछे ली और जानबूझकर उसी कार को दोबारा ठोंक दिया। जोरदार आवाज सुनकर कार मालिक और आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए।
विरोध करने पर कार मालिक से उलझे ASI
जब स्थानीय लोगों और कार मालिक ने इस हरकत का विरोध किया, तो नशे में धुत ASI अपनी गाड़ी से उतरे और अभद्रता करते हुए बहस करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ASI की हालत इतनी खराब थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और बार-बार लड़खड़ा रहे थे। पुलिसकर्मी की इस करतूत से मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई।
दूसरे पुलिसकर्मी ने चलाई कार, MV एक्ट के तहत मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। ASI की स्थिति को देखते हुए उनकी कार को एक अन्य पुलिसकर्मी चलाकर ले गया, वहीं ASI को दूसरी गाड़ी में बैठाकर रवाना किया गया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी ASI अश्वनी वर्मा के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (शराब पीकर वाहन चलाना) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं ASI
बताया जा रहा है कि ASI अश्वनी वर्मा का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी कोतवाली थाना क्षेत्र में उनके खिलाफ मारपीट का एक मामला सामने आ चुका है।




