इंदौर 5 सितंबर Congress indore । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी इंदौर दौरे और युवाओं व छात्रों से उनके सीधे संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 19 सितंबर को प्रस्तावित इस बड़े आयोजन की तैयारियों में कांग्रेस पूरी ताकत से जुट गई है। कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने विशेष बारकोड जारी किया है, जिसके माध्यम से पहले ही दिन युवाओं का जबरदस्त रिस्पॉन्स देखने को मिला है।

पहले ही दिन 15 हजार का आंकड़ा पार जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के अनुसार, अभियान की शुरुआत के पहले ही दिन करीब 15 हजार छात्रों और युवाओं ने बारकोड के जरिए अपना पंजीयन कराया है। उन्होंने बताया कि युवाओं में राहुल गांधी से सीधे संवाद को लेकर काफी उत्साह है और वे खुद आगे आकर रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। कांग्रेस का लक्ष्य इस आंकड़े को और बड़ा बनाना है, जिसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कॉलेज, कोचिंग संस्थाओं और घर-घर पहुंचेगा अभियान शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर युवाओं से संपर्क कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इस अभियान को और गति देने के लिए शहर के प्रमुख कॉलेजों, हॉस्टलों और कोचिंग संस्थानों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। पार्टी का प्रयास है कि 19 सितंबर से पहले इंदौर और आसपास के क्षेत्रों के अधिकतम युवाओं तक पहुँच बनाई जा सके।
इंदौर बनेगा ‘छात्रों की गूंज’ का पांचवां पड़ाव कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, युवाओं की समस्याओं, रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों पर सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू हुआ ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब तक देश के चार प्रमुख शहरों में आयोजित हो चुका है। इंदौर इस राष्ट्रीय श्रृंखला का पांचवां शहर बनने जा रहा है। कांग्रेस इसे मध्य प्रदेश के युवाओं की आवाज बुलंद करने के एक बड़े राजनीतिक व सामाजिक मंच के रूप में देख रही है।
सियासी तंज: कैलाश विजयवर्गीय बोले— “राहुल के आने से भाजपा को फायदा” राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी की तरफ से भी तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के दौरे पर चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी जब-जब इंदौर आते हैं, तब-तब इसका राजनीतिक फायदा भाजपा को ही मिलता है। इससे पहले पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय भी ऐसा ही बयान दे चुके हैं। ऐसे में राहुल गांधी के इस कार्यक्रम से इंदौर का सियासी पारा अभी से चढ़ने लगा है।
📍








