कोरबा: छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध देवपहरी जलप्रपात में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। झरने के बीच फोटो खिंचवाने के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ने से फंसे तीन युवकों को मंगलवार सुबह पुलिस और SDRF की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। तीनों युवक लगभग 15 घंटे तक नदी के बीच टापू पर फंसे रहे।

ऐसे घटी घटना जानकारी के अनुसार धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी सोमवार शाम देवपहरी जलप्रपात घूमने आए थे। तीनों युवक झरने के बीच स्थित एक टापूनुमा हिस्से पर जाकर फोटो खींच रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज पानी आने से वापसी का रास्ता जलमग्न हो गया और तीनों वहीं फंस गए।
15 घंटे चला घटनाक्रम, सुबह मिला सफलता घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और State Disaster Response Force (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। रात भर चली निगरानी के बाद मंगलवार सुबह करीब 10 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय प्रशासन ने सैलानियों से मानसून और जलप्रपात वाले इलाकों में सतर्क रहने तथा गहरे या जोखिम भरे स्थानों पर न जाने की अपील की है।








