बिलासपुर, 20 अगस्त 2026: जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने एक अहम कार्ययोजना तैयार की है। अब शहर और ग्रामीण अंचलों में चलने वाले सभी प्रकार के ऑटो (पेट्रोल, डीजल) और ई-रिक्शा में ‘क्यूआर कोड’ (QR Code) लगाना अनिवार्य होगा। इसके लिए यातायात विभाग द्वारा जल्द ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

यह पूरी रूपरेखा पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे के विशेष पर्यवेक्षण में तैयार की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा और जनसुविधा को बढ़ाना है।
क्यूआर कोड स्कैनिंग के प्रमुख फायदे:
-
क्षण भर में मिलेगी जानकारी: ऑटो में लगे क्यूआर कोड को स्कैन करते ही यात्रियों को ऑटो चालक, ऑटो स्वामी और किराये पर वाहन चलाने वाले व्यक्ति का पूरा विवरण तुरंत मोबाइल स्क्रीन पर मिल जाएगा।
-
विवादों पर लगेगा अंकुश: यात्रियों और ऑटो चालकों के बीच किराये या किसी अन्य विषय को लेकर होने वाले वाद-विवाद, टकराव या शंका की स्थिति में वाहन और चालक की त्वरित पहचान कर सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
-
डिजिटल पुलिस रिकॉर्ड: इस रजिस्ट्रेशन के माध्यम से सभी ऑटो चालकों व मालिकों का पूरा रिकॉर्ड पुलिस के पास डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा। किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूरत में पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकेगी।
महिला चालकों के लिए मजबूत सुरक्षा कवच बिलासपुर शहर का लगातार विस्तार हो रहा है और चालकों को अक्सर लंबी दूरी तय कर ग्रामीण क्षेत्रों तक जाना पड़ता है। वर्तमान में शहर के अंदर बड़ी संख्या में महिलाएं भी ऑटो का संचालन कर रही हैं, जिन्हें दिन-रात यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाना होता है। इस नई व्यवस्था से महिला चालकों की सुरक्षा पुख्ता होगी। किसी भी विषम या आपातकालीन परिस्थिति में चालक तत्काल अपनी लोकेशन के साथ पुलिस को सूचना भेज सकेंगे।
यातायात पुलिस की विशेष अपील यातायात पुलिस ने जिले के सभी ऑटो चालकों, मालिकों और किराये पर चलने वाले व्यवसायियों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से शीघ्रातिशीघ्र अपने वाहनों का रजिस्ट्रेशन करवाएं। बिना रजिस्ट्रेशन और क्यूआर कोड के शहर में ऑटो चलाने वालों पर विभाग द्वारा कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
#








