कोरबा। आरोपी को पकड़ने के नाम पर पीड़ित के पैसों का इस्तेमाल कर हवाई सफर करने वाले पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी (IG) रामगोपाल गर्ग ने कटघोरा थाना प्रभारी (निरीक्षक) मोती पटेल समेत 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

ट्रेन का था निर्देश, फ्लाइट से उड़े : मिली जानकारी के अनुसार, एक मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को ट्रेन से भेजा जाना तय हुआ था। आरोप है कि टीम ने निर्धारित प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए हवाई यात्रा का रास्ता चुना। इतना ही नहीं, इस यात्रा का पूरा खर्च पीड़ित व्यक्ति की जेब से कराया गया। मामला सामने आते ही पुलिस अधिकारियों ने इसकी जांच कराई, जिसके बाद वित्तीय और विभागीय अनियमितता के तहत यह गाज गिरी है।
इन पुलिसकर्मियों पर हुआ एक्शन
📍निरीक्षक: मोती पटेल📍उप-निरीक्षक (SI): राम पाण्डेय (प्रभारी अधिकारी)📍प्रधान आरक्षक: गुनाराम सिन्हा (381), गोपाल यादव (392), राजेश कंवर (35)📍आरक्षक: प्रदीप राठौर (747 – थाना कटघोरा), सुशील यादव (41 – साइबर सेल), प्रशांत सिंह (08 – रक्षित केंद्र कोरबा)
जांच के घेरे में कई सवाल : इस निलंबन के बाद विभाग ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अब जांच में इस बात का पता लगाया जा रहा है कि पीड़ित के पैसों से टिकट कराने का फैसला किसका था और इसके लिए किसकी अनुमति ली गई थी।
#








