“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत मैराथन, वृक्षारोपण और स्वच्छता की त्रिवेणी; भारतीय महिला फुटबॉलर किरण पिस्दा ने बढ़ाया युवाओं का जोश

कोरबा, 18 जुलाई 2026 औद्योगिक नगरी कोरबा को हरित, स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के संकल्प के साथ शनिवार को एक ऐतिहासिक जनआंदोलन देखने को मिला। जिला प्रशासन कोरबा द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत “रन फॉर ग्रीन” मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। डॉ. भीमराव आंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम (घंटाघर) से शुरू हुई इस 5 किलोमीटर लंबी मैराथन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं, स्कूली बच्चों और सामाजिक संगठनों सहित हजारों आम नागरिकों ने दौड़ लगाई। इस दौरान पूरा कोरबा पर्यावरण संरक्षण के नारों से गूंज उठा।
Advt

प्रशासनिक और राजनीतिक नेतृत्व की दिखी एकजुटता

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। केवल हरी झंडी दिखाने तक ही नेता और अधिकारी सीमित नहीं रहे, बल्कि कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत और निगमायुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने खुद भी 5 किलोमीटर की इस दौड़ में हिस्सा लेकर नागरिकों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम की शुरुआत में युवाओं के लिए एक धमाकेदार ‘जुम्बा सत्र’ का भी आयोजन किया गया, जिसने सुबह-सुबह सभी प्रतिभागियों में जबरदस्त ऊर्जा भर दी।
भारतीय फुटबॉलर किरण पिस्दा रहीं विशेष आकर्षण
मैराथन का मुख्य आकर्षण भारतीय महिला फुटबॉल टीम की स्टार खिलाड़ी और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम की कप्तान सुश्री किरण पिस्दा रहीं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा:
“जीवन और खेल दोनों में अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। हम सभी को अपनी धरती मां और अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और सिर्फ लगाना ही नहीं, बल्कि उसके बड़े होने तक उसकी सुरक्षा का संकल्प भी लेना चाहिए।”
’’ रन फार ग्रीन ’’ का आयोजन जिला प्रशासन व निगम की सराहनीय पहल – महापौर

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने ’’ रन फार ग्रीन ’’ आयोजन को संबोधित करते हुये आज कहा कि पर्यावरण संरक्षण, हरित कोरबा व अधिक से अधिक वृक्षारोपण हेतु लोगों केा प्रोत्साहित करने की दिशा में ’’ रन फार ग्रीन ’’ मैराथान का यह आयोजन जिला प्रशासन व नगर पालिक निगम कोरबा की सराहनीय पहल है। उन्होने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि हमारा भारत स्वच्छ भारत-हरित भारत- समृद्ध भारत बने, हमे खुशी है कि आज हम सब उनके इसी सपने को पूरा करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
औद्योगिक व खनन क्षेत्र होने के कारण कोरबा पर दोगुनी जिम्मेदारी: कलेक्टर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने एक बेहद महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि कोरबा एक प्रमुख औद्योगिक और खनन क्षेत्र है, इसलिए पर्यावरण को सहेजने की जिम्मेदारी यहाँ के नागरिकों पर और भी अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा जिला प्रशासन आगामी दो महीनों तक सघन पौधरोपण अभियान चलाएगा। कोई भी नागरिक, संस्था या स्कूल यदि पौधरोपण करना चाहता है, तो जिला प्रशासन उन्हें हरसंभव सहयोग (पौधे और ट्री-गार्ड) उपलब्ध कराएगा। कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि पौधों को सिर्फ लगाना सफलता नहीं है, बल्कि उनका जीवित रहना ही इस अभियान की वास्तविक सफलता होगी।
श्री आशुतोष पाण्डेय ने इस मौके पर अपने उद््बोधन में कहा कि ’’ रन फार ग्रीन ’’ के इस आयोजन में कोरबा के लोगों ने, विद्यालय की हमारी छात्र-छात्राओं ने आज बहुत अच्छी सहभागिता दी है, आज का दिन कोरबा के लिये ऐतिहासिक दिन होगा, उन्होेने आग्रह करते हुये कहा कि इसी उत्साह के साथ अगले 60 दिनों तक अपने घर, मोहल्ले एवं बस्ती में रिक्त पड़ी जमीन पर पौधे लगायें एवं उनका संरक्षण करें ताकि हरित कोरबा का संकल्प पूरा हो सके,
आयोजन के दौरान निगम सभापित नूतन सिंह ठाकुर,भाजपा के वरिष्ठ नेता डाॅ.राजीव सिंह, मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी, वार्ड पार्षद पंकज देवंागन, एमआईसी सदस्य धनकुमारी गर्ग, भानुमति जायसवाल, अजय गोंड़, सरोज शांडिल्य, ममता यादव, प्रीतिदिनेश शर्मा, चेतन सिंह मैत्री, रामकुमार साहू, राकेश वर्मा, प्रताप सिंह कंवर, सीमा कंवर, उपेन्द्र सिंह पटेल, रूबीदेवी सागर, युगल कैवर्त, एल्डरमेन दीपक यादव, मनोज अग्रवाल, ईश्वर साहू, वैशाली रत्नपारखी, रितेश साहू, डाॅ.राजेश राठौर आदि के साथ चेम्बर आफ कामर्स के अध्यक्ष योगेश जैन, वरिष्ठ नेत्री रूकमणी नायर, अर्चना सिंह ठाकुर, सुशील गर्ग आदि के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।
मैराथन के विजेताओं पर हुई पुरस्कारों की बौछार

दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों को नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया:
महिला वर्ग के विजेता:
| स्थान | नाम | पुरस्कार राशि |
|---|---|---|
| प्रथम | नेहा साहू | ₹10,000 |
| द्वितीय | कुमारी अनंता रूपदास | ₹5,000 |
| तृतीय | शीतल कौशल | ₹3,000 |
(चौथे से दसवें स्थान पर क्रमशः गुंजा देवांगन, अदिति साहू, श्रीमती गोमती, रिमी केंवट, निशा सिदार, सोफिया किस्पोट्टा और पूनम नाग रहीं।)
पुरुष वर्ग के विजेता:
| स्थान | नाम | पुरस्कार राशि |
|---|---|---|
| प्रथम | मनीष कुमार | ₹10,000 |
| द्वितीय | अनुराग श्रीवास | ₹5,000 |
| तृतीय | निखिल बरेठ | ₹3,000 |
(चौथे से दसवें स्थान पर क्रमशः प्रदीप सिंह, जूदेव पटेल, प्रिंस यादव, रामशंकर, अमन एक्का, अभिषेक शाह और सोनू अमिया रहे।)
‘माय भारत’ वालेंटियर्स और सामाजिक संगठनों ने संभाला मोर्चा
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में ‘माय भारत यूथ वालेंटियर्स’ के 200 से अधिक कॉलेज छात्रों ने अपनी ऊर्जा से समां बांध दिया। इसके साथ ही रोटरी क्लब, चैंबर ऑफ कॉमर्स, जेसीआई और लायंस क्लब जैसे प्रतिष्ठित सामाजिक संगठनों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। मैराथन के ठीक बाद सभी अतिथियों और नागरिकों ने मिनीमाता महाविद्यालय मुख्य मार्ग में जाकर सघन पौधरोपण किया और आसपास स्वच्छता अभियान भी चलाया।
किया गया वृक्षारोपण – इस मौके पर वृक्षारोपण का आयोजन भी किया गया था। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, वन मण्डलाधिकारी प्रेमलता यादव, आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, भारतीय महिला फुटबाल की सदस्य एवं खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में छत्तीसगढ़ विजेता टीम की कैप्टन किरण पिस्दा सहित निगम के जनप्रतिनिधियों, मीडियाजनों एवं अन्य लोगों ने वृक्षारोपण किया।
जिला प्रशासन की अपील: जिला प्रशासन ने कोरबा के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस मानसून “एक पेड़ माँ के नाम” जरूर लगाएं और औद्योगिक नगरी कोरबा को एक ‘हरित और स्वस्थ कोरबा’ बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें।








