कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरीपारा नीलगिरी बस्ती में सोमवार की दोपहर एक ऐसा खौफनाक और दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे एक निर्माण स्थल पर खेल रहे दो सगे भाइयों की नादानी एक हंसते-खेलते परिवार के लिए ताउम्र का मातम बन गई। महज ढाई साल का मासूम मोहम्मद अब्दुल लतीफ अब इस दुनिया में नहीं रहा।
Advt

एक लापरवाही और सबकुछ खत्म…
घटना के वक्त निर्माण स्थल पर ईंटें अनलोड की जा रही थीं। ट्रैक्टर चालक की एक आत्मघाती लापरवाही ने इस हादसे की जमीन तैयार की—वह ट्रैक्टर खड़ा करके, उसकी चाबी गाड़ी में ही लगी छोड़कर ईंटें उतारने में व्यस्त हो गया।
चालक की नजरों से दूर, दोनों सगे भाई खेलते-खेलते ट्रैक्टर पर चढ़ गए। अचानक बड़े भाई ने कौतूहल में आकर ट्रैक्टर की चाबी घुमा दी। चाबी घूमते ही भारी-भरकम ट्रैक्टर तेज आवाज के साथ स्टार्ट हो गया। अचानक हुए इस झटके और हलचल के कारण हैंडल पर मौजूद ढाई वर्षीय छोटा भाई अब्दुल लतीफ सीधे घूमते हुए विशाल पहिये की चपेट में आ गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
मासूम को लहूलुहान हालत में देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिजन और स्थानीय लोग बच्चे को लेकर तुरंत अस्पताल भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम अब्दुल लतीफ को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई: सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। हादसे के जिम्मेदार ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब चालक की इस गंभीर लापरवाही के कानूनी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।








