कोरबा 12 जुलाई । जिले के सीमावर्ती पसान क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। कहरा नाला के पास एक तेज रफ्तार हाइवा (भारी वाहन) ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक के उड़ाए परखच्चे प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना उस समय हुई जब कटघोरा की तरफ से आ रही बाइक जैसे ही कहरा नाला के पास पहुंची, विपरीत दिशा (पसान) से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
चालक वाहन समेत फरार, जांच में जुटी पुलिस हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल हताहतों की पहचान की जा रही है। हादसे के बाद आरोपी हाइवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार को लेकर गहरा आक्रोश है।








