कोरबा 13 मई : कोरबा के एसईसीएल (SECL) कुसमुंडा क्षेत्र में कार्यरत एक डंपर ऑपरेटर के पुत्र निखिल का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मंगलवार दोपहर से लापता निखिल अपने दोस्तों के साथ अहिरन नदी में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में छलांग लगाने के बाद वह अचानक आंखों से ओझल हो गया।
मंगलवार की शाम से ही गोताखोर निखिल की तलाश में निरंतर प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बुधवार दोपहर को अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं ने रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी बाधा उत्पन्न कर दी है। खराब मौसम के कारण बचाव दल को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच, निखिल के दोस्तों द्वारा बनाया गया एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह नदी के पानी में तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्य बेहद भावुक हैं और ईश्वर से यही प्रार्थना कर रहे हैं कि उनका बेटा सुरक्षित वापस लौट आए। फिलहाल प्रशासन और गोताखोरों की टीम निखिल को खोजने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
।।।








