Home » कोरबा » पसान: कोयले से लदा ट्रेलर बाइक पर पलटा, बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत, दो पोते घायल

पसान: कोयले से लदा ट्रेलर बाइक पर पलटा, बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत, दो पोते घायल

Share:

पसान/कोरबा: पसान थाना क्षेत्र के लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार कोयले से भरे ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और अनियंत्रित होकर उस पर पलट गया। इस हृदयविदारक घटना में एक 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो पोते गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज कराकर लौट रहा था परिवार

मृतका की पहचान धनरास निवासी बालकुंवर (62 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बालकुंवर अपने दो पोतों के साथ अस्पताल से इलाज कराकर बाइक पर सवार होकर घर लौट रही थीं। तभी घाटी क्षेत्र में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

कोयले के ढेर में दबे तीनों लोग

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर सीधे बाइक के ऊपर पलट गया, जिससे तीनों लोग कोयले के ढेर के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, तब तक बुजुर्ग महिला दम तोड़ चुकी थी।

पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों में रोष

घटना की सूचना मिलते ही पसान पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद लैंगा-जटगा मार्ग पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय ग्रामीणों ने घाटी क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर नाराजगी जाहिर की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील क्षेत्र में वाहनों की गति सीमा तय की जाए और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

।।।

Leave a Comment