कवर्धा (कबीरधाम) 26 अप्रैल : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, प्राप्त जानकारी के अनुसार जहाँ पुलिस ने किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब रवि चंद्रवंशी अपनी शादी के निमंत्रण पत्र बांटने निकले थे। इस कार्रवाई के बाद से जिले के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
Advt

शादी की खुशियां बदलीं मातम में
मिली जानकारी के अनुसार, रवि चंद्रवंशी की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। वे अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को शादी का कार्ड बांट रहे थे, तभी कवर्धा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में ले लिया। जहाँ एक ओर घर में शादी का माहौल था, वहीं इस गिरफ्तारी ने परिवार की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, रवि चंद्रवंशी के खिलाफ यौन शोषण का गंभीर मामला दर्ज था। पीड़िता की शिकायत के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस काफी सतर्कता बरत रही थी। गिरफ्तारी के बाद रवि चंद्रवंशी को थाने ले जाया गया है, जहाँ उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
राजनीतिक गलियारों में गरमाया माहौल
रवि चंद्रवंशी को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का खास सिपहसालार माना जाता है। उनकी गिरफ्तारी के बाद विपक्ष ने कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटना का असर जिले की राजनीति पर भी पड़ेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।








