कोरबा, छत्तीसगढ़ 31 मार्च 2026 : छत्तीसगढ़ के ऊर्जाधानी जिला कोरबा के बाकी मोगरा क्षेत्र में इन दिनों आध्यात्मिक माहौल चरम पर है। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा यहां आयोजित ‘श्री हनुमंत कथा’ के दौरान आज मंगलवार को एक ऐसा वाक्या घटित हुआ जिसने वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं को हैरत में डाल दिया। कथा के दौरान जैसे ही शास्त्री जी ने भगवान बजरंग बली का आह्वान किया, पंडाल में मौजूद दर्जनों लोग अजीबोगरीब हरकतें करने लगे और झूमने लगे।
कथा स्थल पर दिखा कौतूहल भरा दृश्य
कथा के प्रवाह के बीच पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मंच से घोषणा की थी कि आज इस पावन स्थल पर बजरंग बली की विशेष कृपा बरसने वाली है। उन्होंने पहले ही जनसमूह को सूचित कर दिया था कि पंडाल में जितने भी लोग नकारात्मक ऊर्जा या कथित ‘भूत बाधा’ से पीड़ित हैं, वे हनुमान जी के स्मरण मात्र से ही सबके सामने आ जाएंगे।
शास्त्री जी के मंत्रोच्चार और जयकारों के साथ ही अचानक भीड़ के बीच से दर्जनों लोग चीखने-चिल्लाने लगे और झूमने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुरुषों और महिलाओं सहित बड़ी संख्या में पीड़ित लोग बेसुध होकर झूम रहे थे, जिसे देखकर वहां उपस्थित अन्य श्रद्धालु दंग रह गए।
बाधा से मुक्ति का दावा
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि यह प्रक्रिया उन पीड़ितों को कष्टों से मुक्ति दिलाने का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की गदा के प्रभाव और उनके नाम के स्मरण से तमाम बुरी शक्तियों का नाश हो जाता है। शास्त्री जी ने दावा किया कि जो भी लोग इस बाधा से पीड़ित होकर यहां आए हैं, उन्हें आज इस कष्ट से सदा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम
इस घटना के बाद कथा स्थल पर कुछ समय के लिए स्थिति काफी अफरा-तफरी भरी हो गई थी, लेकिन सेवादारों और आयोजन समिति ने स्थिति को संभाला। बाकी मोगरा में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में न केवल कोरबा बल्कि पड़ोसी जिलों से भी लाखों की संख्या में भक्त उमड़ रहे हैं। लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
श्रद्धा और विश्वास का संगम
क्षेत्र में यह कथा चर्चा का केंद्र बनी हुई है। जहां एक ओर श्रद्धालु इसे बागेश्वर धाम सरकार का चमत्कार और हनुमान जी की साक्षात कृपा मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इतनी बड़ी संख्या में लोगों का एक साथ इस तरह का व्यवहार करना क्षेत्र में कौतूहल का विषय बना हुआ है।
।।।








