जांजगीर चांपा, छत्तीसगढ़ 21 मार्च : छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बिजली विभाग के तीन अधिकारियों को जाल बिछाकर गिरफ्तार किया है। मामला एक फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट के लिए नए बिजली कनेक्शन से जुड़ा है।
35 हजार की मांग और रंगे हाथों गिरफ्तारी पीड़ित उपभोक्ता प्रदीप यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि असिस्टेंट इंजीनियर विजय नोरगे, डिप्टी इंजीनियर राजेंद्र शुक्ला और सहायक ग्रेड-1 देवेंद्र राठौर एक नया ट्रांसफार्मर और मीटर लगाने के बदले 35 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
एसीबी की योजना के अनुसार, जैसे ही शिकायतकर्ता ने सब-इंजीनियर को 10 हजार रुपये और असिस्टेंट इंजीनियर के सहायक को 25 हजार रुपये थमाए, घेराबंदी कर खड़ी एसीबी टीम ने उन्हें दबोच लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि अधिकारियों ने काम में तेजी लाने और मीटर इंस्टॉल करने के नाम पर अवैध वसूली की थी। पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में यह भी अंदेशा है कि यह गिरोह लंबे समय से इस तरह की वसूली में संलिप्त था।








