रायपुर, 4 फरवरी 2026 छत्तीसगढ़ की धरा एक बार फिर अपने उन सपूतों का स्वागत करने को तैयार है, जो विदेशों में रहकर अपनी माटी की खुशबू फैला रहे हैं। प्रदेश के विकास में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की सहभागिता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए राजधानी रायपुर में आगामी 27 और 28 मार्च को भव्य “प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव” का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन राज्य सरकार द्वारा NACHA (उत्तर अमेरिका छत्तीसगढ़ प्रवासी संघ) और छत्तीसगढ़ एनआरआई संघ के साझा प्रयासों से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस पहल को राज्य के लिए एक ‘ऐतिहासिक अवसर’ बताते हुए कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी हमारी अमूल्य पूंजी हैं और उनके अनुभव से प्रदेश के औद्योगिक व सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
प्रमुख आकर्षण और उद्देश्य
▪️ग्लोबल नेटवर्किंग: दुनिया भर के विभिन्न देशों से छत्तीसगढ़ी मूल के उद्यमी, विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता जुटेंगे।▪️निवेश और विकास: कॉन्क्लेव में निवेश, स्टार्टअप, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।▪️संवाद का सेतु: प्रदेश और प्रवासी समाज के बीच संवाद को मजबूत कर सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशना।▪️पंजीयन: इस दो दिवसीय आयोजन के लिए जल्द ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
“विदेश में रहकर काम कर रहे हमारे भाई-बहन अपने ज्ञान और निवेश के माध्यम से छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिला सकते हैं। यह कॉन्क्लेव उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ने और राज्य की प्रगति में भागीदार बनाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।” — विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़








