Home » देश » दिल्ली में बारात में नोट उठा रहे नाबालिग लड़के की गोली मारकर हत्या, दूल्हे ने बताया आरोपी का नाम

दिल्ली में बारात में नोट उठा रहे नाबालिग लड़के की गोली मारकर हत्या, दूल्हे ने बताया आरोपी का नाम

Share:

 

दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में शनिवार रात बारात में नोट लूट रहे 14 साल के नाबालिग लड़के की सीआईएसएफ में तैनात हेड कांस्टेबल ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी दूल्हे की बुआ का बेटा है और छुट्टी लेकर शादी में शामिल होने आया था। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है।

दूल्हे ने पुलिस को आरोपी का नाम बताया

साहिल को गोली लगते ही आरोपी मौके से भाग गया। जब पुलिस पहुंची तो आरोपी वहां नहीं था। दूल्हे और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दूल्हे ने पुलिस को बताया कि उसके मामा के बेटे मदन गोपाल तिवारी ने नाबालिग को गोली मारी है। वे इटावा में रहते हैं। फिर पुलिस ने उससे आरोपी का मोबाइल नंबर लिया और टेक्निकल सर्विलांस का इस्तेमाल करके उसका रास्ता पता किया, तो पता चला कि वह इटावा में है। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली।

आरोपी दूल्हे की बुआ का बेटा है। वह छुट्टी लेकर शादी में शामिल होने आया था। फिलहाल उसकी तैनाती कानपुर, यूपी में है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि साहिल अपने परिवार के साथ नत्थू कालोनी की झुग्गियों में रहता था। परिवार में माता-पिता व दो भाई हैं। पिता सिराजुद्दीन दिहाड़ी श्रमिक हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई नहीं करता था। वह शनिवार रात को अपने छोटे भाई व दोस्तों के साथ मानसरोवर पार्क गया था। मानसरोवर पार्क थाने के पास ही सामुदायिक भवन है।

रात करीब दस बजे बारात में घुड़चढ़ी हो रही थी। बारात में शामिल लोग नाचते हुए नोट लुटा रहे थे। साहिल नोट लूटने लगा। इसी दौरान उसे पहले आरोपी ने पकड़कर पिटाई की और देखते ही देखते जेब से पिस्टल निकालकर कनपटी पर गोली मार दी। साहिल का छोटा भाई भागता हुआ घर पहुंचा और वारदात की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने गंभीर घायल हालत में उसे हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी मे रखवाने के बाद केस दर्ज करके जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Leave a Comment