KORBA: कोरबा में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दौरान बड़ा हादसा हुआ जब हॉकी खिलाड़ियों के बीच चैंपियनशिप ट्रॉफी रखने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक खिलाड़ी ने दूसरे पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। इस हमले में कोरबा के खिलाड़ी आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर 14 टांके लगाए गए।
*घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही*
घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारी बेखबर नजर आए और घायल छात्र का हाल जानने कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। जिला खेल अधिकारी के.आर. टंडन ने अनभिज्ञता जताते हुए पल्ला झाड़ लिया।
*आरोप और जांच*
आयुष के साथी खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने इस गंभीर मामले को नजरअंदाज किया है। फिलहाल जिला अस्पताल पुलिस सहायता केंद्र ने शून्य में अपराध दर्ज किया है और अब देखना यह होगा कि इस गंभीर लापरवाही और खिलाड़ियों की सुरक्षा में चूक को लेकर जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।
*राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता*
गौरतलब है कि 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन कोरबा में किया गया था, जिसमें प्रदेश के सभी पाँच संभाग रायपुर, बिलासपुर, बस्तर, सरगुजा और दुर्ग से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ।
इन्हें मिला पुरस्कार
कार्यक्रम में अनुशासित टीम का पुरस्कार बिलासपुर संभाग और बेस्ट मार्च पास्ट का पुरस्कार सरगुजा संभाग को प्रदान किया गया, वहीं ओवरऑल चैम्पियन का खिताब 32 अंकों के साथ बस्तर संभाग ने अपने नाम किया। दुर्ग संभाग 22 अंकों के साथ द्वितीय स्थान और बिलासपुर संभाग 16 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा। समापन अवसर पर विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले टीम को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम वॉलीबॉल बालिका 14 वर्ष अंतर्गत बस्तर संभाग पहला, दुर्ग दूसरा और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा।
इसी तरह वॉलीबॉल बालक 14 वर्ष अंतर्गत बस्तर-प्रथम, बिलासपुर-द्वितीय और रायपुर संभाग तृतीय, खो-खो बालिका 17 वर्ष अंतर्गत बस्तर-प्रथम, बिलासपुर-द्वितीय और दुर्ग-तृतीय, खो-खो बालक 17 वर्ष अंतर्गत बस्तर-प्रथम, दुर्ग-द्वितीय और बिलासपुर-तृतीय, सॉफ्टबाल बालिका 14 वर्ष अंतर्गत सरगुजा-प्रथम, दुर्ग-द्वितीय और बस्तर-तृतीय, सॉफ्टबॉल बालक 14 वर्ष अंतर्गत बस्तर-प्रथम, दुर्ग-द्वितीय और रायपुर-तृतीय, सॉफ्टबॉल बालिका 19 वर्ष अंतर्गत बस्तर-प्रथम, दुर्ग-द्वितीय और रायपुर-तृतीय, सॉफ्टबॉल बालक 19 वर्ष अंतर्गत दुर्ग-प्रथम, रायपुर-द्वितीय और बिलासपुर-तृतीय, क्रिकेट बालिका 19 वर्ष अंतर्गत रायपुर-प्रथम, सरगुजा-द्वितीय और बिलासपुर-तृतीय स्थान पर रहा।
समापन सत्र में प्रतियोगिता का ध्वज अवतरण किया गया और मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया द्वारा विधिवत समापन की घोषणा की गई








