कोरबा : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कोरबा के विभिन्न देवी मंदिरों में पहुंचकर माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना की। दोनों दिग्गज नेताओं ने मां दुर्गा के दरबार में हाजिरी लगाकर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

प्रमुख मंदिरों में किए दर्शन और पूजन
दौरे के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कोरबा के प्रसिद्ध सर्वमंगला मंदिर, भवानी मंदिर और मुड़ादाई मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। यहाँ उन्होंने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नेताओं की मौजूदगी से मंदिरों में एक अलग ही आध्यात्मिक और ऊर्जावान माहौल देखने को मिला।
शारदा विहार के भोग-भंडारे में हुए शामिल
मंदिर दर्शन के पश्चात दोनों नेता शारदा विहार में आयोजित भव्य भोग-भंडारे में पहुँचे। जयसिंह अग्रवाल ने यहाँ उपस्थित श्रद्धालुओं और आयोजनकर्ताओं से मुलाकात की, भोग-प्रसाद ग्रहण किया और माता रानी का आशीर्वाद लिया। भंडारे में पहुँचे श्रद्धालुओं के बीच नेताओं की उपस्थिति से विशेष उत्साह और भक्तिमय वातावरण नजर आया।
जनसेवा और सद्भाव का पर्व है नवरात्रि: जयसिंह अग्रवाल
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि नवरात्रि केवल शक्ति की आराधना का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में श्रद्धा, सद्भाव, सेवा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि माँ दुर्गा की आराधना हमें सदैव सत्य, धर्म, साहस और जनसेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
जयसिंह अग्रवाल ने सभी क्षेत्रवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएँ देते हुए प्रार्थना की कि कोरबा सहित पूरा छत्तीसगढ़ सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण रहे तथा हर परिवार में स्वास्थ्य और आनंद बना रहे। इस दौरान मंदिरों और भंडारा आयोजनों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।




