बेमेतरा ,छत्तीसगढ़ Wildlife Protection : बेमेतरा जिले के देवगांव में फसल सुरक्षा के नाम पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खेतों की रखवाली के लिए तैनात पहरेदारों ने बंदरों के एक झुंड पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिससे 22 से अधिक बंदरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस सामूहिक शिकार की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

सोशल मीडिया के जरिए हुआ खुलासा
घटना की जानकारी सबसे पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुई खबरों के जरिए सामने आई। मामला संज्ञान में आते ही बेमेतरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) हरीश यादव ने तुरंत पुलिस टीमों को देवगांव के लिए रवाना किया। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें अब पूरे मामले की सघन जांच में जुटी हुई हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएंगे तथ्य
वन विभाग की स्थानीय रेंजर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृत बंदरों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियारों व गोलियों के प्रकार का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस और वन विभाग आरोपी रखवारों की तलाश में जुटी हैं।




