जशपुर छत्तीसगढ़: जशपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव स्थित गुडलक फ्लाईओवर के पास बिजली का खंभा गाड़ने के दौरान चार मजदूर 11 हजार वोल्ट (11 KV) की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

यह घटना उस समय हुई जब मजदूर फ्लाईओवर के पास लोहे का बिजली खंभा लगाने का काम कर रहे थे। काम के दौरान लोहे का खंभा ऊपर से गुजर रही 11 KV हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे खंभे में तेज करंट उतर आया और चारों मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी झुलसे मजदूरों को पत्थलगांव के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इस हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों ने ठेकेदार पर लापरवाही और सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कराने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतकों और घायलों की शिनाख्त करने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।



